दिल्ली में फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़कर रेलवे ट्रैक पर गिरी कार, वीडियो वायरल
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मुकरबा चौक फ्लाईओवर के पास तेज़ रफ्तार मारुति सियाज़ कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए सीधे रेलवे ट्रैक पर जा गिरी। हादसे के चलते करीब एक घंटे तक रेल सेवाएं प्रभावित रहीं।
अनियंत्रित कार रेलिंग तोड़कर रेलवे ट्रैक पर गिरी
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, रेलवे पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार को ट्रैक से हटवाया। हादसे के समय कार चला रहे 35 वर्षीय सचिन चौधरी (निवासी गाजियाबाद, प्रताप विहार रेलवे कॉलोनी) को कंधे और चेहरे पर हल्की चोटें आईं। पुलिस ने बताया कि चालक पीरागढ़ी से गाजियाबाद जा रहा था। इसी दौरान फ्लाईओवर के पास उसका संतुलन बिगड़ गया और कार फुटपाथ से टकराते हुए रेलिंग तोड़कर पटरियों के पास ढलान से नीचे जा गिरी।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
कार के साथ रेलवे ट्रैक के पास एक नीली पल्सर बाइक भी लावारिस हालत में मिली। पुलिस अब बाइक के मालिक का पता लगाने में जुटी है। जांच की जा रही है कि बाइक चोरी की है या हादसे से पहले वहीं खड़ी की गई थी।
फिलहाल ड्राइवर का मेडिकल कराया गया है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग तेज़ रफ्तार गाड़ियों के खतरे को लेकर चिंता जता रहे हैं।
Also Read: अवैध सट्टा ऐप के प्रमोशन में फंसी उर्वशी रौतेला और मिमी चक्रवर्ती, ED ने भेजा समन

