16 सितंबर तक कई राज्यों में भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
Sandesh Wahak Digital Desk: सितंबर के दूसरे हफ्ते में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ चुका है। देश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, तमिलनाडु, कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी से उठा दबाव बना बारिश की वजह
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण यह बारिश हो रही है। इसका सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर राज्यों में देखने को मिलेगा। वहीं, कर्नाटक और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और भारी बारिश की आशंका है।
IMD ने तेलंगाना के 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। निर्मल, निजामाबाद, सांगारेड्डी, मेडक और कामारेड्डी में ऑरेंज अलर्ट, जबकि हैदराबाद और आदिलाबाद समेत 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटों में इन इलाकों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
तटीय राज्यों में मूसलाधार बारिश
IMD ने महाराष्ट्र के मुंबई समेत कई शहरों में अगले एक हफ्ते तक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। वहीं, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और यनम में भी अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
लगातार हो रही बारिश ने बिहार और झारखंड में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भी इन राज्यों में मूसलाधार बारिश जारी रहेगी।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने कहा है कि 13 से 16 सितंबर के बीच उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश होगी।
Also Read: Varanasi News: BHU ट्रॉमा सेंटर में भ्रष्टाचार का आरोप, सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने PM को लिखा पत्र

