मंडी में भारी बारिश से तबाही, सोन खड्ड में बहीं HRTC की बसें, कई लोग फंसे
Sandesh Wahak Digital Desk: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। सबसे ज्यादा नुकसान धर्मपुर बाजार में हुआ है, जहाँ हर तरफ पानी ही पानी दिख रहा है।
भारी बारिश के कारण सोन खड्ड का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे किनारे खड़ी HRTC की बसें और कई गाड़ियाँ पानी में डूब गईं। कुछ बसें तो पानी के तेज बहाव में बह भी गईं। लोगों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। मौसम विभाग के मुताबिक, रात 11 बजे से शुरू हुई बारिश इतनी तेज थी कि लोग अपने घरों से भी बाहर नहीं निकल पा रहे थे। खड्ड के पास रहने वाले दर्जनों घरों में पानी घुस गया, जिससे बाहर खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुँचा।
पुलिस और रेस्क्यू टीमें जुटीं बचाव में
डीएसपी धर्मपुर संजीव सूद ने बताया कि रात से ही पुलिस और बचाव दल राहत कार्य में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना है, जिसकी पुष्टि की जा रही है।
सूद ने बताया कि कई लोग अपने घरों में पानी भरने के कारण ऊपरी मंजिलों पर रहने को मजबूर हैं। एक हॉस्टल में फँसे 150 बच्चों को भी ऊपरी मंजिलों पर सुरक्षित पहुँचा दिया गया है। फिलहाल, सोन खड्ड का जलस्तर धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। जिला प्रशासन ने सभी लोगों से घर से बाहर न निकलने और सावधानी बरतने की अपील की है। बचाव दल लगातार लोगों के संपर्क में है और स्थिति को सामान्य करने की कोशिश कर रहा है।
Also Read: Bihar Adhikar Yatra: तेजस्वी यादव आज नीतीश और BJP के गढ़ में देंगे चुनौती, बढ़ी सियासी हलचल

