माई-बहिन योजना को लेकर तेजस्वी यादव पर FIR, महिला ने लगाया 200 रुपये की ठगी का आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मुश्किलों में घिर गए हैं। दरभंगा के सिंहवाड़ा थाने में उनके खिलाफ एक महिला ने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। तेजस्वी के अलावा राज्यसभा सांसद संजय यादव समेत महागठबंधन के कुल चार नेताओं के खिलाफ यह मामला दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता गुड़िया देवी ने आरोप लगाया है कि माई-बहिन योजना का फॉर्म भरवाने के नाम पर महिलाओं से 200 रुपये की ठगी की गई है। महिला का कहना है कि यह फॉर्म 2,500 का लाभ दिलाने का वादा करके भरवाया गया था। इसके साथ ही, उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि इन नेताओं ने भोली-भाली महिलाओं के आधार नंबर, बैंक खाते की जानकारी और मोबाइल नंबर का गलत इस्तेमाल किया है।

किन नेताओं पर हुई FIR

एफआईआर में तेजस्वी यादव और संजय यादव के अलावा पूर्व विधायक और आरजेडी नेता ऋषि मिश्रा और कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी मस्कुर अहमद उस्मानी का भी नाम है। पुलिस ने महिला के आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है और उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। माई-बहिन योजना आरजेडी की एक प्रस्तावित कल्याणकारी योजना है, जिसे तेजस्वी यादव ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव से पहले घोषित किया था। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को वित्तीय सहायता देकर आत्मनिर्भर बनाना है।

Also Read: टीईटी अनिवार्यता पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को चुनौती देंगे सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.