सूरत में सिर कटी लाश का रहस्य सुलझा, गाली देने पर दोस्त ने ही की थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरात के सूरत में एक हैरान कर देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। एक युवक का कटा हुआ सिर सड़क पर कचरे के ढेर में मिला, जबकि उसका धड़ कुछ दूरी पर एक कमरे में पड़ा था। इस हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस के लिए यह एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन 120 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार पुलिस ने इस गुत्थी को सुलझा लिया।
सूरत क्राइम ब्रांच के डीसीपी भावेश रोजिया ने बताया कि 11 सितंबर को सूरत के लसकाना इलाके में एक कचरे के ढेर से एक युवक का सिर मिला था। जाँच के दौरान 500 मीटर दूर एक मकान से उसका धड़ भी बरामद हुआ। मृतक की पहचान नहीं हो पा रही थी, जिसके बाद पुलिस की 50 सदस्यों और 3 अधिकारियों की टीम ने दिन-रात एक कर दिया।
बिहार के युवक की हुई थी हत्या
जांच में पता चला कि मृतक बिहार के रहने वाले गिरीश महतो थे। पुलिस ने पाया कि गिरीश और उसका हत्यारा पिछले 15 दिनों से एक साथ रह रहे थे। हत्या के बाद आरोपी कमरा छोड़कर भाग गया था। पुलिस ने साइबर और सीसीटीवी एक्सपर्ट की मदद से हर फैक्ट्री की जांच शुरू की और आखिरकार आरोपी मुन्ना उर्फ इशाक मंसूरी को एक फैक्ट्री से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और गिरीश दोनों बिहार के गोपालगंज के रहने वाले हैं। 10 सितंबर की रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ। जब गिरीश ने उसे माँ-बहन की गाली दी, तो इशाक गुस्से में आ गया। उसने पहले पत्थर से हमला किया और फिर घर में पड़े चाकू से गिरीश का सिर धड़ से अलग कर दिया। पुलिस को पहला सुराग सीसीटीवी फुटेज से मिला, जिसमें एक शख्स हाथ में प्लास्टिक का बैग लिए हुए दिखा। पुलिस ने इसी सुराग के आधार पर जाँच को आगे बढ़ाया और आखिरकार आरोपी को पकड़ने में कामयाब रही।
Also Read: AAP नेता संजय सिंह का BJP पर हमला, बोले- जनता के नहीं, अडानी के प्रधानमंत्री हैं मोदी

