UP News: अग्निवीर भर्ती में ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, STF ने दो जालसाज किए गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी कामयाबी मिली है। STF ने अग्निवीर (भारतीय सेना) भर्ती में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले एक अंतर-राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र में हुई।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश कुमार (निवासी-मुजफ्फरनगर) और सचिन कुमार (निवासी-मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई है।
ऐसे करते थे युवाओं से ठगी
STF को सूचना मिली थी कि यह गिरोह अग्निवीर भर्ती के नाम पर युवाओं से पैसे ठगता है। इसी जानकारी के आधार पर STF की मेरठ फील्ड यूनिट ने एक टीम बनाई। टीम को पता चला कि नरेश कुमार अपने साथी के साथ कुछ लड़कों का मेडिकल कराने के लिए मेरठ कैंट स्थित आर्मी अस्पताल आने वाला है। मुखबिर की सूचना पर STF ने जाल बिछाया और आर्मी अस्पताल के पास एक ऑल्टो कार में बैठे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
क्या-क्या हुआ बरामद?
आरोपियों के पास से भारतीय सेना के भर्ती एडमिट कार्ड की रंगीन कॉपी, एक मार्कशीट, कुछ हाथ से लिखे हुए कागजात, भारतीय सेना की दो फर्जी रबर स्टाम्प, दो मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड और ऑल्टो कार बरामद हुई है। इन दोनों के खिलाफ मेरठ के सदर बाजार थाने में धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है।

