Lucknow News: ट्रक-पिकअप की भीषण टक्कर में चालक की दर्दनाक मौत, गैस कटर से निकाला गया शव
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के किसान पथ पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां एक ट्रक और पिकअप की आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिससे पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया और चालक का शव केबिन में ही फंस गया। पुलिस को शव बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की है। हरदोई के सदरपुर बिलग्राम के रहने वाले 55 वर्षीय रमेश चंद्र राठौर अपनी पिकअप पर मिनरल वाटर की बोतलें लोड कर डिलीवरी देने जा रहे थे। जब वह माती अंडरपास के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से उनकी पिकअप की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
मौके से फरार हुआ ट्रक ड्राइवर
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और हाईवे पेट्रोल टीम तुरंत मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटाया गया। इसके बाद गैस कटर से पिकअप के केबिन को काटकर चालक रमेश चंद्र के शव को बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है। इस घटना से सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने बाद में खुलवाया।
Also Read: चेकिंग के दौरान महिला पुलिसकर्मियों से बदमाश की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से हुआ घायल

