विवादों के बाद पूनम पांडे लवकुश रामलीला से बाहर, अब नहीं बनेंगी मंदोदरी
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली की मशहूर लवकुश रामलीला में अभिनेत्री पूनम पांडे अब मंदोदरी का किरदार नहीं निभाएंगी। उनके नाम को लेकर हुए भारी विरोध के बाद रामलीला समिति ने यह फैसला लिया है। समिति ने पूनम पांडे को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी और उनसे माफी भी मांगी है।
लवकुश रामलीला समिति के अध्यक्ष अर्जुन कुमार और महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि पूनम पांडे ने मंदोदरी का किरदार निभाने के लिए सहमति दी थी, लेकिन उनके नाम की घोषणा के बाद से ही कई हिंदू संगठनों और आम लोगों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई।
समिति ने कहा कि उनका उद्देश्य श्रीराम के संदेश को लोगों तक पहुंचाना है, लेकिन पूनम पांडे को लेकर हो रहे विरोध से इस उद्देश्य में बाधा आ रही थी। इसी वजह से समिति ने सर्वसम्मति से यह फैसला लिया कि मंदोदरी का किरदार किसी और कलाकार को दिया जाएगा। समिति ने पूनम पांडे के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह उनके फैसले को समझेंगी।

इस फैसले से एक दिन पहले ही पूनम पांडे ने एक वीडियो शेयर कर इस किरदार को निभाने के लिए अपनी खुशी जाहिर की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि वह रामलीला के लिए पूरे 9 दिनों का व्रत रखेंगी।
विश्व हिंदू परिषद से लेकर कंप्यूटर बाबा तक ने पूनम पांडे को मंदोदरी का किरदार दिए जाने का विरोध किया था। कंप्यूटर बाबा ने तो यहां तक कह दिया था कि उन्हें शूर्पणखा का रोल दिया जाना चाहिए। विश्व हिंदू परिषद ने भी समिति को पत्र लिखकर उन्हें इस भूमिका से हटाने का अनुरोध किया था।
Also Read: अधिकार की राजनीति पर मनीष तिवारी का बयान, भाजपा ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

