राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज मथुरा दौरा: वृंदावन में श्रीकृष्ण की लीलाओं से सजी सड़कें, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Sandesh Wahak Digital Desk:  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर मथुरा-वृंदावन पूरी तरह से सजकर तैयार है। राष्ट्रपति आज सुबह 10 बजे वृंदावन पहुंचेंगी, जहां उनके स्वागत के लिए रेलवे स्टेशन की दीवारों को श्रीकृष्ण की लीलाओं से सजाया गया है। उनके आने की खबर मिलते ही प्रशासन ने विकास कार्यों में तेजी लाई, जिसमें सड़कों की मरम्मत और मंदिरों की रंगाई-पुताई शामिल है।

वृन्दावन में खास स्वागत की तैयारी

राष्ट्रपति के स्वागत के लिए मथुरा-वृंदावन में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर लोक कलाकार पारंपरिक प्रस्तुतियां देंगे।  वृंदावन रेलवे स्टेशन, जो कभी जर्जर हालत में था, उसे पूरी तरह से चमका दिया गया है। छटीकरा से लेकर बांके बिहारी मंदिर, निधिवन और सुदामा कुटी तक के रास्तों का सौंदर्यीकरण किया गया है।

डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी हैं, ताकि राष्ट्रपति के दौरे में कोई कमी न रहे।

राष्ट्रपति का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कान्हा की भक्ति में लीन रहेंगी। वह सबसे पहले श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करेंगी, जहां वह देहरी पूजन और चांदी के दीपक में दीपदान करेंगी। इसके बाद वह निधिवन जाएंगी। सुदामा कुटी में, वह भजनकुटी का लोकार्पण करेंगी और अपनी मां के नाम पर एक कल्प वृक्ष का पौधा लगाएंगी।

महंत सुतीक्ष्णदास महाराज ने बताया कि राष्ट्रपति आश्रम में गौ-पूजन भी करेंगी और संतों के साथ आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा करेंगी। इस दौरान केवल 50 संत और कुछ अधिकारी ही मौजूद रहेंगे।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

राष्ट्रपति के दौरे से एक दिन पहले पुलिस, पीएसी और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने पूर्वाभ्यास किया। इस दौरान काफिले की आवाजाही, मार्ग सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखा गया। डॉग और बम स्क्वायड टीमों ने भी प्रमुख स्थानों की तलाशी ली।

सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था त्रिस्तरीय होगी, जिसमें स्थानीय पुलिस, पीएसी और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां शामिल होंगी। सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। प्रशासन ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.