Varanasi News: हिंदी साहित्य भारती द्वारा काशी प्रांत की नई कार्यकारिणी घोषित, कवि गोष्ठी का हुआ आयोजन

Sandesh Wahak Digital Desk: अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक संस्था हिंदी साहित्य भारती के तत्वावधान में हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत एक भव्य काव्य गोष्ठी एवं काशी प्रांत (वाराणसी) की नई कार्यकारिणी की घोषणा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन “हिंदी साहित्य भारती वैश्विक मंथन” शीर्षक के तहत किया गया, जिसकी शुरुआत दीप प्रज्वलन तथा मां भारती एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे डॉ. के.एन. त्रिपाठी ने नवगठित कार्यकारिणी को आशीर्वाद प्रदान किया। इसके पश्चात सरस्वती वंदना तथा संगठन का ध्येय गीत प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम की प्रमुख झलकियां:

  • मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. नीरजा माधव ने संगठन के मूल उद्देश्य “मानव बन जाए जग सारा, यह पावन संकल्प हमारा” को भारतीय संस्कृति का अमोघ मंत्र बताते हुए कार्यक्रम की भूरी-भूरी सराहना की।

  • नई कार्यकारिणी की घोषणा संगठन के अंतरराष्ट्रीय सचिव श्री ओमप्रकाश द्विवेदी द्वारा की गई।

  • काशी प्रांत प्रभारी श्री हरिश्चंद्र त्रिपाठी ने संगठन की भूमिका और उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

  • काव्य पाठ में कंचन सिंह परिहार, संतोष कुमार प्रीत, गुरु प्रसाद गुप्ता एवं रजनीकांत त्रिपाठी ने अपनी-अपनी सृजनात्मक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को सरस बना दिया।

  • संचालन काशी प्रांत के सह प्रभारी श्री विनोद कुमार वर्मा द्वारा किया गया।

अतिथियों ने अपने उद्बोधन में हिंदी साहित्य भारती जैसे संगठन से जुड़कर भारतीय संस्कृति और हिंदी भाषा के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में भागीदारी का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में श्री बसंत राय भट्ट ने मंचासीन अतिथियों, सभी श्रोताओं, कार्यकर्ताओं और कार्यकारिणी के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

Also Read: बलरामपुर में बिजली कटौती से भड़का गुस्सा, नाराज ग्रामीणों ने लाइनमैन को पेड़ से बांधा, आश्वासन पर मिली रिहाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.