Varanasi News: काशी में जल्द बनेगा आयुर्वेद का एम्स, होमियोपैथिक कॉलेज का हुआ शिलान्यास

Varanasi News: पिंडरा के गड़खरा गांव में रविवार को राजकीय होमियोपैथिक मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद आयुष राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्रा दयालु ने कहा कि प्रदेश सरकार हर नागरिक को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही काशी में आयुर्वेद का एम्स मेडिकल कॉलेज भी स्थापित किया जाएगा।

राज्यमंत्री ने कहा कि इस कॉलेज के निर्माण से अब स्थानीय लोगों को इलाज के लिए 30 किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा। यह संस्थान वाराणसी के साथ ही जौनपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी लाभ पहुंचाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 19 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा चुके हैं और 10 हजार मेडिकल सीटें बढ़ाई गई हैं। इससे उत्तर प्रदेश आने वाले समय में चिकित्सा क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।

डेढ़ साल में तैयार होगा कॉलेज

दयाशंकर मिश्रा ने कहा कि गड़खरा में बनने वाला यह मेडिकल कॉलेज करीब डेढ़ साल में गुणवत्तापूर्ण तरीके से तैयार कर लिया जाएगा। इसके चलते हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में धन की कमी आड़े नहीं आएगी।

विधायक ने गिनाए विकास कार्य

कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए क्षेत्रीय विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि पिंडरा क्षेत्र योगी सरकार की देन है, जहां दर्जनों बड़े प्रोजेक्ट शुरू हुए हैं। इसमें गड़खरा का मेडिकल कॉलेज, करखियाव की अमूल डेयरी, महगांव में राजकीय आईटीआई कॉलेज, कुड़ी का पॉलिटेक्निक कॉलेज जीर्णोद्धार और बाबतपुर व खालिसपुर में आरओबी निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह सभी योजनाएं समाज के हर वर्ग को लाभान्वित करेंगी।

कार्यक्रम में रही बड़ी मौजूदगी

शिलान्यास समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में एमएलसी और जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, तथा पूर्व प्रमुख सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आशुतोष पांडेय ने किया।

इस मौके पर डीसीपी मनोज पटेल, सीएमओ डॉ. संदीप चौरसिया, राजकीय आयुर्वेद कॉलेज की प्राचार्या नीलम गुप्ता, नायब तहसीलदार राधेश्याम यादव, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता यूपी सिंह, जिला होमियोपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. रचना श्रीवास्तव समेत कई अधिकारी भी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक 

Also Read: Lucknow News: भाजपा ने शुरू किया आत्मनिर्भर स्वदेशी अभियान, हर घर तक पहुंचेगा संदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.