लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रक ने बुजुर्ग को रौंदा, 50 मीटर घिसटने से कटा पैर

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर मंगलवार सुबह पूर्वांचल ढाल के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने बाइक सवार एक बुजुर्ग किसान को इतनी ज़ोर से टक्कर मारी कि वह सड़क पर करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया। इस भयानक हादसे में बुजुर्ग का एक पैर आधा कटकर अलग हो गया।

बाइक में लगी आग

हादसे के बाद बाइक ट्रक के नीचे फंस गई और घिसटती चली गई, जिसके कारण उसमें आग लग गई। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पैर कटने के बावजूद घायल बुजुर्ग को उठने की कोशिश करते देखा गया, लेकिन वह गिर पड़े। राहगीर तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायल व्यक्ति को सड़क पर लिटाया। सूचना मिलने पर पुलिस एम्बुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुँची और घायल को गोसाईंगंज अस्पताल भेजा, जहाँ से उन्हें तुरंत पी.जी.आई. ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान 70 वर्षीय राम सनेही के रूप में हुई है, जो नगराम, खुर्दही बाजार के पास के निवासी हैं।

हींग देने जा रहे थे किसान राम सनेही

राम सनेही पेशे से किसान हैं और कभी-कभी सिंदूर और हींग बेचते थे। घरवालों ने बताया कि वह आज खुर्दही बाजार में एक होटल को हींग देने जा रहे थे, तभी ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। राम सनेही की पत्नी की मृत्यु हो चुकी है और उनकी तीन बेटियां हैं।

ट्रक ड्राइवर फरार, हाईवे पर लगा जाम

हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रक ड्राइवर (टाटा कंपनी का ट्रक, नंबर UP 21 BN 3596, मुरादाबाद का पंजीकृत) अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस घटना के चलते लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जिसमें कुछ सामान लदा हुआ है। पुलिस फरार ट्रक चालक का पता लगाने में जुटी है।

Also Read: बहराइच में भेड़ियों की दहशत: कैसरगंज में बुजुर्ग दंपति को जिंदा चबाया, गुस्साएं ग्रामीणों ने किया हंगामा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.