PM मोदी ने जारी किया विशेष डाक टिकट और सिक्का, बोले- स्वयंसेवकों का राष्ट्र सेवा में अनवरत योगदान

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी समारोह के अवसर पर राष्ट्र के प्रति संघ के ऐतिहासिक योगदान को दर्शाने वाला एक विशेष स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी किया। यह कदम संघ के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में उसकी विरासत को सम्मान देने के लिए उठाया गया है।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने RSS के स्वयंसेवकों की राष्ट्र सेवा में भागीदारी को याद किया। उन्होंने कहा, 1963 में RSS के स्वयंसेवक भी 26 जनवरी की परेड में शामिल हुए थे। उन्होंने बहुत आन-बान-शान से राष्ट्रभक्ति की धुन पर कदमताल किया था।

PM मोदी ने आगे कहा कि संघ के स्वयंसेवक जो अनवरत रूप से देश की सेवा में जुटे हैं, समाज को सशक्त कर रहे हैं, उसकी झलक भी इस डाक टिकट में है। उन्होंने इन स्मृति सिक्कों और डाक टिकट के लिए देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत में संघ के पुराने स्वयंसेवक विजय कुमार मल्होत्रा को श्रद्धांजलि भी दी, जिनका हाल ही में निधन हो गया था।

महानवमी और विजयादशमी का किया जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर देशवासियों को नवरात्रि और आने वाले विजयादशमी (दशहरा) पर्व की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, आज महानवमी है। आज देवी सिद्धिदात्री का दिन है। कल विजयादशमी का महापर्व है। अन्याय पर न्याय की जीत, असत्य पर सत्य की जीत, अंधकार पर प्रकाश की जीत विजयादशमी भारतीय संस्कृति के इस विचार और विश्वास का कालजयी उद्घोष है।

PM मोदी ने RSS के स्वयंसेवकों के लिए इस शताब्दी वर्ष को सौभाग्य बताते हुए कहा कि उन्हें इस महान अवसर को देखने का मौका मिला है। उन्होंने राष्ट्र सेवा को समर्पित सभी स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं और संघ के संस्थापक परम पूज्य डॉ. हेडगेवार जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Also Read: Gorakhpur News: महानवमी पर सीएम योगी ने कन्याओं को चुनरी ओढ़ाई, पूजन कर कराया भोजन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.