अमित शाह ने रानी दुर्गावती को किया नमन, कहा- युवाओं को उनकी जीवन गाथा पढ़कर राष्ट्रहित का संकल्प लेना चाहिए
Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को महान वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती पर उन्हें नमन किया और देश के युवाओं से उनकी जीवन गाथा को पढ़ने तथा राष्ट्रहित का संकल्प लेने का आह्वान किया। रानी दुर्गावती को उनकी न्यायप्रिय शासन, प्रजावत्सलता और मातृभूमि की रक्षा के लिए याद किया जाता है।
गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, न्यायप्रिय शासन, प्रजावत्सलता और मातृभूमि की रक्षा की प्रतीक रानी दुर्गावती जी ने गोंडवाना को नारी शक्ति, राष्ट्रभक्ति और सेवाभाव की प्रेरणा का केंद्र बनाया। रानी दुर्गावती को उनकी जयंती पर नमन करता हूँ। इस अवसर पर कई अन्य राजनेताओं ने भी रानी दुर्गावती को याद किया और उनकी वीरता को सलाम किया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अपने अदम्य साहस और पराक्रम से मुगल शासकों के दाँत खट्टे करने वाली रानी दुर्गावती का शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उन्हें मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाली महान वीरांगना बताया। उन्होंने कहा कि उनका अटूट साहस, त्याग और बलिदान राष्ट्र सेवा और धर्म की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि रानी दुर्गावती ने अपनी वीरता, दृढ़ता व साहस से अमर शौर्य गाथा लिखी। मुगलों के विरुद्ध उनका आर-पार का संघर्ष और बलिदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रानी दुर्गावती को बाज बहादुर की सेना को धूल चटाने वाली वीरांगना बताया और कहा कि उनकी असाधारण वीरता की गाथाएँ अनंत काल तक हम सबको गौरवान्वित करती रहेंगी।
Also Read: Siddharthnagar News: सपा के 33वें स्थापना दिवस पर जिलाध्यक्ष लालजी यादव का भाजपा पर हमला

