बंगाल में BJP सांसद और विधायक पर भीड़ ने किया हमला, टीएमसी पर साजिश का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के नागराकाटा में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाढ़ राहत कार्य के लिए पहुंचे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक और सांसद (BJP MP and MLA) पर भीड़ ने हमला कर दिया। इस हमले में मालदा उत्तर से सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष घायल हो गए हैं। दोनों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाढ़ राहत कार्य के दौरान हुआ हमला
यह घटना उस समय हुई जब भाजपा नेता नागराकाटा क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक भीड़ ने उनकी गाड़ियों पर हमला कर दिया और तोड़फोड़ की। बताया जा रहा है कि हमले में सांसद खगेन मुर्मू के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे काफी खून भी बहा। इस दौरान विधायक शंकर घोष भी चोटिल हुए हैं।

TMC पर साजिश का आरोप
वहीं इस घटना के तुरंत बाद भाजपा नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) को इस हमले के लिए जिम्मेदार ठहराया। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए आरोप लगाया कि, बंगाल में TMC का जंगल राज! आदिवासी नेता और मालदा उत्तर से सांसद खगेन मुर्मू पर TMC के गुंडों ने हमला किया। वे बाढ़ और भूस्खलन के बाद राहत कार्यों में मदद के लिए जा रहे थे। जो लोग जनता की मदद कर रहे हैं, उन्हीं पर हमले हो रहे हैं। यही है TMC का शासन।
केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार की तीखी प्रतिक्रिया
वहीं इस मामले पर केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांता मजूमदार ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए TMC सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि, आज पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र जैसा कुछ नहीं बचा। भाजपा की राहत कार्य टीम पर भी हमला कर दिया गया। TMC ने जानबूझकर बांग्लादेशियों और मुस्लिम समुदाय को आगे कर हमारे सांसद और विधायकों पर हमला कराया।
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि, यह हमला एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया है, जिसकी जानकारी मुख्यमंत्री को जरूर होगी। उत्तर बंगाल में TMC की स्थिति बहुत खराब है, और इस हमले के जरिए वे जनता के गुस्से से ध्यान भटकाना चाहती हैं।
वहीं इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में तनाव और बढ़ गया है। जहां भाजपा इसे लोकतंत्र पर हमला बता रही है, वहीं TMC की ओर से अभी तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए भाजपा ने राज्यपाल और केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है।
Also Read: Lucknow News: महिला हत्याकांड का खुलासा, कर्ज में डूबे बेटे ने ही मां को उतारा था मौत के घाट

