सिवनी हवाला लूटकांड में SDOP पूजा पांडे समेत 11 पुलिसकर्मियों पर FIR, डकैती और अपहरण की धाराओं में केस दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के सिवनी ज़िले में पुलिसकर्मियों द्वारा हवाला की बड़ी रकम लूटने के सनसनीखेज मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख़्त रुख अपनाते हुए तत्काल FIR दर्ज करने का निर्देश दिया है। इस निर्देश के बाद, एसडीओपी पूजा पांडे समेत कुल 11 पुलिसकर्मियों के ख़िलाफ़ डकैती, अवैध रूप से रोकना, अपहरण और आपराधिक षडयंत्र की गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपियों को निलंबित (Suspend) कर दिया गया है, और अब तक पाँच पुलिसकर्मियों को गिरफ़्तार किया जा चुका है।

क्या है पूरा मामला

सिवनी पुलिस ने 9 अक्टूबर को नागपुर के हवाला कारोबारी सोहन परमार से लगभग तीन करोड़ रुपये की नकदी एक क्रेटा कार से बरामद की थी। हालांकि, आरोप है कि पुलिस ने आधिकारिक रिकॉर्ड में जब्ती सिर्फ़ एक करोड़ 45 लाख रुपये की दिखाई, और शेष रक़म हड़प ली। इतना ही नहीं, कारोबारी को बिना किसी क़ानूनी कार्रवाई के छोड़ दिया गया।

कारोबारी सोहन परमार ने बाद में कोतवाली थाने में 2.96 करोड़ रुपये की लूट की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, एसडीओपी पूजा पांडे और बंडोल थाना प्रभारी अर्पित भैरम ने उनकी गाड़ी रोककर नक़दी ज़ब्त की और उन्हें रातभर थाने में बैठाए रखा।

जाँच में खुलासा हुआ है कि इस पूरे गोरखधंधे की मुख्य साज़िश एसडीओपी पूजा पांडे ने रची थी। सूत्रों के मुताबिक, हवाला कारोबारियों को पहले ‘सौदा पटाने’ का प्रस्ताव दिया गया। 10 अक्टूबर को पूजा पांडे ने कथित तौर पर कारोबारियों को 1.51 करोड़ रुपये लौटाए और मामला ख़त्म करने को कहा। लेकिन जब गिनती की गई तो 25 लाख रुपये कम निकले, जिसके बाद पीड़ितों ने पूरी रक़म की लूट की FIR दर्ज कराई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मामले पर सख़्त रुख़ अपनाते हुए कहा, कानून तोड़ने वाला चाहे कोई भी हो, बख़्शा नहीं जाएगा।

निलंबित पुलिसकर्मियों की सूची और कार्रवाई

मामले के उजागर होते ही जबलपुर रेंज के आईजी प्रमोद वर्मा ने थाना प्रभारी अर्पित भैरम सहित 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था। अगले ही दिन डीजीपी कैलाश मकवाना ने एसडीओपी पूजा पांडे को भी निलंबित कर दिया था। FIR में नामजद किए गए 11 पुलिसकर्मियों में एसडीओपी पूजा पांडे, टीआई अर्पित भैरम, प्रधान आरक्षक माखन, रविन्द्र उईके, राजेश जंघेला, आरक्षक जगदीश यादव, योगेन्द्र चौरसिया, रितेश, नीरज राजपूत, केदार और सदाफल शामिल हैं। इन सभी पर डकैती, अपहरण और आपराधिक षड्यंत्र की धाराएँ लगाई गई हैं।

Also Read: मक्का-मदीना में यूपी के इस मुस्लिम युवक ने की प्रेमानंद महाराज के जल्द स्वस्थ होने की दुआ, बोले- अच्छे और सच्चे इंसान हैं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.