आजम खां की तबीयत फिर बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती, अब्दुल्ला आजम ने दी जानकारी
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खां की तबीयत शुक्रवार सुबह दोबारा बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन दिन पहले वह इलाज के लिए दिल्ली गए थे और बृहस्पतिवार देर रात ही रामपुर लौटे थे।
सीतापुर जेल से रिहाई के बाद से ही आजम खां लगातार स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। बीती रात रामपुर लौटने के बाद से वह लगातार थकान और कमजोरी महसूस कर रहे थे। शुक्रवार सुबह तबीयत ज्यादा खराब होने पर परिवार ने डॉक्टरों से संपर्क किया। डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन बाद में उन्हें गहन निगरानी के लिए अस्पताल में भर्ती करने का निर्णय लिया गया।
आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से इसकी जानकारी देते हुए कहा कि पिता की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोर्ट में यतीमखाना मामले की सुनवाई टली
वहीं दूसरी ओर, आजम खां के खिलाफ दर्ज यतीमखाना बस्ती पर कब्जा करने के मामले में शुक्रवार को सुनवाई नहीं हो सकी। शहर कोतवाली में वर्ष 2019 में दर्ज इस मामले (मारपीट, चोरी और डकैती जैसी संगीन धाराओं) की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही है।
बुधवार को बचाव पक्ष की ओर से सफाई साक्ष्य के तौर पर दो गवाहों इंतजार अहमद और करीम अहमद को कोर्ट में पेश होना था, लेकिन दोनों के अनुपस्थित रहने के कारण सुनवाई टल गई। कोर्ट ने दोनों गवाहों के खिलाफ जमानती वारंट जारी कर दिए हैं। अब इस मामले की अगली सुनवाई 29 अक्तूबर को होगी। भोट थाने में दर्ज नफरती भाषण के मामले में भी सुनवाई टल गई है। इस मामले की अगली सुनवाई 3 नवंबर को निर्धारित की गई है।
Also Read: लखनऊ सिविल अस्पताल में आउटसोर्स कर्मचारियों का प्रदर्शन, वेतन और बोनस न मिलने पर काम ठप

