पाकिस्तानी हवाई हमले में 3 अफगान क्रिकेटरों की मौत, ट्राई सीरीज से हटा अफगानिस्तान, क्रिकेट जगत में शोक
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी तनाव ने अब खेल जगत को भी झकझोर कर रख दिया है।
पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में किए गए हवाई हमले में तीन अफगान घरेलू क्रिकेटरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस दर्दनाक घटना के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ होने वाली ट्राई T20 सीरीज से अपना नाम वापस लेने का फैसला किया है।

सीमा पर तनाव के बीच हुआ हमला
पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सेनाओं के बीच पिछले कई दिनों से सीमा पर संघर्ष जारी है। यह विवाद तब बढ़ा जब पाकिस्तान ने आरोप लगाया कि अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के आतंकियों के लिए सुरक्षित ठिकानों की तरह किया जा रहा है।
8 अक्टूबर को शुरू हुए इस संघर्ष के बीच बुधवार को सीजफायर पर सहमति बनी थी, लेकिन शुक्रवार रात पाकिस्तान ने अचानक पक्तिका प्रांत में हवाई हमले कर दिए, जिनका निशाना आवासीय इलाके बने।
युवा क्रिकेटरों की मौत से शोक की लहर
हवाई बमबारी में जान गंवाने वाले तीन क्रिकेटरों की पहचान कबीर, सिबगतुल्लाह और हारून के रूप में हुई है।
ये सभी स्थानीय स्तर पर क्रिकेट खेलते थे और भविष्य में राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनने का सपना देखते थे।
हमले में पांच अन्य नागरिक भी मारे गए। यह हादसा तब हुआ जब ये खिलाड़ी एक स्थानीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेकर अपने घर लौट रहे थे।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बयान जारी कर कहा कि— “यह सिर्फ खिलाड़ियों की मौत नहीं, बल्कि अफगान क्रिकेट परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।”
क्रिकेट सितारों ने जताया गुस्सा और दुख
इस हमले पर अफगानिस्तान के दिग्गज क्रिकेटरों ने गहरा आक्रोश जताया है।
फजलहक फारूकी ने लिखा:
“निर्दोष क्रिकेटरों और नागरिकों की हत्या अत्याचार है। यह मानवता के खिलाफ अपराध है।”
राशिद खान ने X (ट्विटर) पर लिखा:
“महिलाओं, बच्चों और क्रिकेट खेलने वाले युवा खिलाड़ियों की हत्या बर्बरता है। मैं पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज रद्द करने के ACB के फैसले का समर्थन करता हूं। हमारी राष्ट्रीय गरिमा पहले है।”
क्रिकेट डिप्लोमेसी भी नाकाम
खेल को हमेशा विवाद और राजनीति से दूर रखने की कोशिश की जाती रही है, लेकिन सीमा संघर्ष ने एक बार फिर साबित किया कि जंग में खेल भी शिकार हो जाता है।
तीन युवा खिलाड़ियों की मौत ने अफगानिस्तान के क्रिकेट समुदाय को गहरे सदमे में डाल दिया है और पाकिस्तान के खिलाफ लोगों में भारी नाराजगी है।
Also Read: रोहित शर्मा ने साफ किया इरादा, 2027 वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं ‘हिटमैन’

