कनाडा में भारतीय मूल की अमनप्रीत कौर सैनी की हत्या, पंजाब के संगरूर में परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
Sandesh Wahak Digital Desk: बेहतर भविष्य की तलाश में पंजाब के संगरूर से कनाडा गई 27 वर्षीय अमनप्रीत कौर सैनी की ओंटारियो के लिंकन में हत्या कर दी गई है। अमनप्रीत का शव पुलिस को गहन छानबीन के बाद बरामद हुआ। इस दुखद खबर से संगरूर स्थित उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कत्ल करने वाले आरोपी की पहचान 27 वर्षीय मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ कनाडा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जोर-शोर से जारी है।
अमनप्रीत के पिता इंद्रजीत सिंह ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि उनकी बेटी बहुत होनहार थी और कनाडा के एक अस्पताल में काम कर रही थी। अमनप्रीत 2021 में कनाडा गई थी और जल्द ही उसे स्थायी निवासी (PR) का दर्जा मिलने वाला था। पिता ने बताया कि अमनप्रीत ने अपनी जिंदगी की किसी भी अंदरूनी परेशानी के बारे में परिवार को कभी नहीं बताया। वह हमेशा खुश होकर बातें करती थी और अपनी मेहनत के दम पर कनाडा में कार भी खरीद चुकी थी और एक अच्छी जिंदगी जी रही थी।
भारत आने के लिए थी उत्साहित
पिता इंद्रजीत सिंह ने यह भी बताया कि अमनप्रीत भारत आने के लिए बहुत उत्साहित थी। उसने कहा था कि जैसे ही वह पीआर हो जाएगी, वह सबसे पहले अपने घर भारत आएगी। अमनप्रीत के चाचा ने जानकारी दी कि कनाडा में उसके लापता होने की रिपोर्ट 20 तारीख को दर्ज कराई गई थी। पुलिस की छानबीन के बाद पता चला कि उसका कत्ल कर दिया गया है और उसका शव दो दिन बाद बरामद हुआ।
शोकाकुल परिवार ने अब पंजाब और भारत सरकार से मदद की अपील की है ताकि उनकी बेटी का शव जल्द से जल्द भारत लाया जा सके और उन्हें न्याय मिल सके।
Also Read: केरल के इडुक्की में भीषण भूस्खलन, 8 मकान ध्वस्त, एक की मौत

