पंचायत प्रतिनिधियों को देंगे पेंशन और 50 लाख का बीमा कवर, तेजस्वी यादव का बड़ा ऐलान
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, महागठबंधन की ओर से चुनावी वादों की झड़ी लग गई है। रविवार (26 अक्तूबर) को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए राजद नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने बड़ा ऐलान किया कि अगर महागठबंधन की सरकार बनती है तो पंचायत प्रतिनिधियों को पेंशन और 50 लाख रुपये का बीमा कवर दिया जाएगा।
तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने कहा कि बिहार अब बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने नीतीश कुमार सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि “बीते 20 सालों से बिहार में खटारा सरकार चल रही है। जनता अब पूरी तरह बदलाव चाहती है।” उन्होंने दावा किया कि जिस भी जिले में वे जा रहे हैं, वहां सभी जातियों और धर्मों के लोग महागठबंधन के समर्थन में जुट रहे हैं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर हैं। जनता अब बीजेपी और नीतीश कुमार की नीतियों से तंग आ चुकी है।

बीजेपी और नीतीश पर निशाना
राजद नेता (Tejashwi Yadav) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में जानबूझकर कारखाने नहीं लगने दिए गए। हमारी सरकार जब 17 महीने के लिए बनी थी, तब हमने कई काम शुरू किए थे, लेकिन अगर चाचा (नीतीश कुमार) नहीं पलटे होते, तो बिहार आज कहीं और होता। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस और गठबंधन के अन्य दलों के साथ मिलकर अब प्रचार अभियान और तेज किया जाएगा। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी आने वाले दिनों में उनके साथ प्रचार में उतरेंगे।
पंचायत प्रतिनिधियों के मानदेय में बढ़ोतरी
तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो पंचायत प्रतिनिधियों का मानदेय दोगुना किया जाएगा। साथ ही, सोनार, नाई, लोहार और बढ़ई जैसे पारंपरिक पेशों से जुड़े लोगों को स्वरोजगार के लिए पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी तीखा प्रहार किया और कहा कि मोदी सरकार ने बिहार से उद्योग-धंधे छीन लिए। बड़ी फैक्ट्रियां, आईटी पार्क और सभी निवेश गुजरात भेज दिए गए, जबकि बिहार को सिर्फ ठेंगा दिखाया गया। तेजस्वी ने कहा कि बिहार की जनता ने 20 साल तक एक ही सरकार को मौका दिया है, अब वे सिर्फ 20 महीने मांग रहे हैं, ताकि बिहार में असली परिवर्तन लाया जा सके।

