Lucknow News: फ्लैट में घुसकर युवती और उसके भाई से मारपीट, पुलिस पर FIR न लिखने का आरोप
Lucknow News: लखनऊ के आईआईएम तिराहे के पास स्थित एल्डिको सिटी के कुटीर अपार्टमेंट में रविवार को जमकर हंगामा हुआ। अपार्टमेंट में रहने वाली शालू चौरसिया और उनके भाई ने सोसाइटी के कुछ लोगों पर, जिसमें सोसाइटी के सेक्रेटरी भी शामिल हैं, फ्लैट में घुसकर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। हैरानी की बात यह है कि जब पीड़िता शालू मड़ियांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुँचीं, तो आरोप है कि पुलिस ने उनकी तहरीर लेने से मना कर दिया।
थाने के बाहर बनाया वीडियो, इंसाफ की गुहार
शिकायत दर्ज न होने से आहत शालू चौरसिया ने थाने के बाहर खड़े होकर पूरी घटना का एक वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शालू और उनके भाई पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाते नज़र आ रहे हैं। बता दें कि शालू और उनके भाई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, विवाद की शुरुआत तब हुई जब शालू ने अपार्टमेंट में अपनी गाड़ी गलत तरीके से खड़ी कर दी। गार्ड ने जब गाड़ी किनारे की, तो शालू उस पर भड़क गईं और गार्ड से गाली-गलौज करने लगीं। जब गार्ड ने इस घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो शालू ने कथित तौर पर उसका मोबाइल तोड़ दिया।
इसके बाद गार्ड ने सोसाइटी के पदाधिकारियों को बुलाया। शालू और उनके भाई का आरोप है कि तभी सेक्रेटरी समेत कुछ लोगों ने उनके फ्लैट में घुसकर उन दोनों के साथ मारपीट की। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस फिलहाल दोनों पक्षों के वीडियो और बयानों को खंगाल रही है और मामले की जांच की जा रही है।

