हापुड़: 20 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, गोली लगने के बाद हाथ जोड़कर मांगी माफी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में मंगलवार रात बहादुरगढ़ पुलिस की ₹20 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और एक स्कूटी बरामद की है।

मुठभेड़ का विवरण

सीओ गढ़मुक्तेश्वर स्तुति सिंह ने बताया कि देर रात बहादुरगढ़ पुलिस पलवाड़ा रजवाहे के पास चेकिंग कर रही थी। एक स्कूटी सवार युवक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली युवक के पैर में लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे धर दबोचा। पूछताछ में युवक ने अपना नाम अबुजर पुत्र अनीस अहमद, निवासी मोहम्मदपुर रूस्तमपुर, थाना बहादुरगढ़ बताया।

इनामी हिस्ट्रीशीटर अबुजर

सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि गिरफ्तार युवक अबुजर एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश है, जिसके खिलाफ हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश के बिजनौर और हापुड़ जिलों में चोरी और आर्म्स एक्ट के करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

बहादुरगढ़ क्षेत्र में दो समुदायों के बीच हुए विवाद से जुड़े एक मामले में अबुजर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत ₹20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

गोली लगने के बाद मांगी माफी

गोली लगने के बाद बदमाश अबुजर पुलिस के सामने हाथ जोड़कर अपराध न करने की तौबा करता हुआ नज़र आया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टोलरेंस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। घायल अबुजर को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

Also Read: योगी सरकार का फैसला, व्यापारियों को जेल भेजने का नियम खत्म, लगेगा सिर्फ जुर्माना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.