‘नोटबंदी से रुपया जुटाया, अब सोने पर नज़र’, अखिलेश यादव का भाजपा पर बड़ा आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने नोटबंदी के दौरान पैसा इकट्ठा किया और अब उसकी नज़र सोने पर है, जिसके कारण सोने की कीमतें आसमान छू रही हैं।
महंगाई, सोना और नोटबंदी पर निशाना
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों पर तंज कसते हुए कहा “रुपया तो इन्होंने नोटबंदी से एकत्रित कर लिया है। अब इनकी नजर सोने पर है। मुझे लगता है भाजपा सोना एकत्रित कर रही है, तभी तो यह महंगा हो रहा है। आज गरीब आदमी अपनी बेटी की शादी में सोने की छोटी चीज़ भी नहीं दे पा रहा है।”
उन्होंने कहा कि किसानों को वोट लेने के लिए झूठे आश्वासन दिए गए थे कि उनकी आय दोगुनी होगी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। सपा प्रमुख ने महंगाई को चरम पर बताते हुए कहा कि डीजल, पेट्रोल और बिजली का बिल कहां पहुंच गया है, और आजकल घर बनाना महंगा हो गया है क्योंकि सारा सामान महंगा है।
भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था पर सवाल
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने बिहार जा रही 35 हज़ार लीटर शराब पकड़े जाने और कफ सिरप घोटाले में भाजपा के लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी मिलकर ज़मीनों पर कब्जा करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का सूचना तंत्र काफी कमजोर है, इसीलिए राज्य में घुसपैठिये आ रहे हैं।
अन्य राजनीतिक मुद्दे
उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था की आलोचना करते हुए कहा कि अस्पताल तो खोल दिए गए हैं, लेकिन इलाज की सुविधा नहीं है, और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार प्राइवेट अस्पतालों का उद्घाटन करके खुश होती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का एक भी वोट न कटे, इसके लिए सपा संघर्ष करेगी। उन्होंने एसआईआर (मतदाता सूची पुनरीक्षण) में आधार न मानने के मामले को कोर्ट ले जाने की बात भी कही। उन्होंने मुख्यमंत्री के जापान और सिंगापुर दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें वहां से क्योटो भी जाना चाहिए।
Also Read: लखनऊ में करोड़ों के कोडीन सिरप रैकेट का पर्दाफाश, दो दवा कंपनियां NDPS एक्ट में फंसीं

