EWS सरलीकरण की मांग पर करणी सेना का जनसंपर्क अभियान, ‘भेदभाव समाप्त नहीं हुआ तो होगा विशाल आंदोलन’
वाराणसी, उत्तर प्रदेश। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में EWS (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) आरक्षण के सरलीकरण हेतु सवर्ण समाज में एक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। वाराणसी में एक कार्यक्रम के दौरान रघुवंशी ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि सामान्य वर्ग के गरीब छात्रों के साथ हो रहे भेदभाव को समाप्त नहीं किया गया, तो सवर्ण समाज विशाल आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
राकेश सिंह रघुवंशी ने कहा कि गरीब सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को उनका अधिकार दिलाने के लिए अब सवर्ण समाज एक मंच पर दिखेगा। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के समक्ष अपनी छह प्रमुख मांगें रखीं।

करणी सेना की 6 प्रमुख मांगें
- EWS आरक्षण के लिए लागू जमीन, प्लाट और मकान संबंधी शर्तों को सरकार तुरंत हटाए।
- आधार वर्ष 2019 को मानते हुए, आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट प्रदान की जाए।
- EWS आरक्षण को 10% से बढ़ाकर 15% किया जाए।
- सामान्य वर्ग के हितों की रक्षा के लिए सवर्ण आयोग का गठन किया जाए।
- अन्य अनारक्षित (Unreserved) वर्ग के अभ्यर्थियों की तरह, सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को भी सरकारी योजनाओं और भर्ती में समान सुविधाएं मिलें।
- नगर निकाय और पंचायत चुनावों में OBC (अन्य पिछड़ा वर्ग) की तरह ही EWS वर्ग को भी आरक्षण प्रदान किया जाए।
रघुवंशी ने सरकार को सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सवर्ण समाज के अभ्यर्थियों के साथ भेदभाव जारी रहा, तो आने वाले चुनावों में सवर्ण समाज अपनी वोट की ताकत से सरकार को जवाब देगा। यह जनसंपर्क अभियान प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में जारी रहेगा।
रिपोर्ट: मदन मुरारी पाठक
Also Read: Lucknow: डालीबाग में बने फ्लैटों पर 25 साल का ‘बिक्री प्रतिबंध’, किराए पर भी देने से रोक

