Badaun News: साईं मंदिर के पुजारी की गला दबाकर हत्या, चांदी के मुकुट और नकदी ले गए बदमाश

Badaun News: बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नवादा इलाके में रविवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां साईं मंदिर के पुजारी की गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के बाद बदमाश मंदिर से चांदी के दो मुकुट और दानपात्र के रुपये लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में गहरा रोष देखा गया।

15 वर्षों से सेवा कर रहे थे पुजारी

मिली जानकारी के मुताबिक, कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव कल्लिया काजमपुर निवासी मनोज शंखधार पिछले 15 सालों से नवादा स्थित साईं मंदिर में पुजारी के रूप में सेवा कर रहे थे। रोज की तरह रविवार रात भी वे मंदिर परिसर में स्थित अपने कमरे में सो रहे थे। रात के किसी पहर बदमाश मंदिर में दाखिल हुए और उन्होंने पुजारी को बंधक बनाकर गला दबाकर हत्या कर दी।

जिसके बाअद सोमवार सुबह जब सफाईकर्मी मंदिर पहुंचा तो उसने कमरे में पुजारी का शव पड़ा देखा। पुजारी के गले में कपड़ा कसकर उनकी हत्या की गई थी और उनके पैर भी बांधे गए थे। यह दृश्य देखकर उसने तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी।

Badaun News

मंदिर से गायब चांदी के मुकुट

वहीं जांच में सामने आया कि बदमाश मंदिर से चांदी के दो मुकुट और दानपात्र के रुपये भी ले गए हैं। पुलिस का मानना है कि हत्या का मकसद लूट भी हो सकता है। वहीं इस घटना की खबर फैलते ही हिंदू संगठनों के लोग मंदिर पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। लोगों ने कहा कि मंदिर और पुजारी को निशाना बनाना बेहद गंभीर मामला है और पुलिस को कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।

पुलिस ने शुरू की जांच

वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मंदिर परिसर की गहनता से जांच की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने कहा, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश है, वहीं पुलिस जल्द अपराधियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।

 

Also Read: Smriti Mandhana Marriage: टीम इंडिया के खिलाड़ियों का लगेगा जमावड़ा, कप्तान हरमनप्रीत ने दिया अपडेट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.