‘समस्या नहीं, समाधान की तरफ बढ़ें’, BBDU दीक्षांत समारोह में CM योगी का आह्वान

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को लखनऊ में बाबू बनारसी दास यूनिवर्सिटी (BBDU) के पहले दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने दो बैचों के 5,746 छात्रों को उपाधियाँ प्रदान कीं और मेडल से सम्मानित किया। मंच पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे।

सीएम योगी का छात्रों को मुख्य संदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रों को अपने संबोधन में सकारात्मक और भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा, “हमें समाधान की तरफ जाना होगा। समस्या की तरफ जाएंगे तो समस्या ही मिलेगी।” सीएम ने युवाओं को सलाह दी, “AI आज की जरूरत है, लेकिन ध्यान रहे, उसे आप चलाएं, वह आपको न चलाने लगे।” उन्होंने जोर दिया कि जब हम दुनिया से 10 कदम आगे की सोच लेकर चलेंगे, तब दुनिया खुद हम पर ध्यान देने को मजबूर होगी।

उत्तर प्रदेश की प्रगति: कानून व्यवस्था और निवेश

सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश में आए सकारात्मक बदलावों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि आज उत्तर प्रदेश केंद्र की सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में देशभर में तीसरे स्थान पर है। सीएम ने कहा कि 2017 से पहले यूपी को पहचान का संकट था। युवा परेशान, बेटी और व्यापारी असुरक्षित थे, और निवेशक पलायन कर रहे थे।

जीरो टॉलरेंस नीति के परिणामस्वरूप कानून व्यवस्था में सुधार हुआ, जिससे निवेश की झड़ी लग गई। उन्होंने दावा किया कि जहाँ 5 वर्ष में ₹50,000 करोड़ का निवेश मिलना मुश्किल था, उसी प्रदेश में पिछले 8 साल में ₹45 लाख करोड़ का निवेश आया है। उन्होंने कहा कि अब होली, दिवाली, दशहरा, ईद, बकरीद समेत सभी त्यौहार शांति और सद्भाव से मनाए जाते हैं, क्योंकि कानून का पालन करना ही होगा।

स्वतंत्र देव सिंह का अनौपचारिक संबोधन

कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने छात्रों के साथ एक अनौपचारिक संवाद किया। उन्होंने युवाओं से कहा, “आज के युवाओं को बहुत गुस्सा आता है। पत्नी गुस्सा हो तो उसकी सुनो।” उन्होंने मंच पर एक पहेली भी पूछी।

Also Read: ‘क्या लालू-राबड़ी को कैद कर लिया गया है?’, BJP प्रवक्ता के ट्वीट ने बिहार में बढ़ाई सियासी हलचल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.