Lucknow News: शादी से इनकार करने पर सिरफिरे आशिक ने छात्रा का गला काटा, छोटी बहन के सामने दिया घटना को अंजाम

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के धर्मावतखेड़ा गाँव में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी से इनकार करने पर एक सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर 18 वर्षीय छात्रा प्रियांशी रावत की गला काटकर हत्या कर दी। वारदात के समय मृतका की छोटी बहन भी घर में मौजूद थी।

मृतका के पिता रमेश रावत का निधन तीन साल पहले हो चुका है। घर में माँ पूनम और दो बेटियाँ (प्रियांशी और महक) रहती थीं। माँ पूनम पीजीआई इलाके में काम करती हैं और वारदात वाले दिन वह काम पर गई हुई थीं।

शादी समारोह में हुई थी पहली मुलाकात

पुलिस के अनुसार, हत्या का आरोपी आलोक कुमार और प्रियांशी पाँच साल पहले एक शादी समारोह में मिले थे, जहाँ दोनों ने एक-दूसरे के फोन नंबर लिए और बातचीत शुरू हो गई। बातचीत बढ़ने पर प्रियांशी ने अपनी माँ से आलोक से शादी की बात की थी, जिस पर माँ पूनम सहमत हो गई थीं और उन्होंने युवक के पिता से भी इस बारे में बात की थी।

बाद में आलोक प्रियांशी पर हक जताने लगा और उस पर शक करता था कि वह किसी और से भी बात करती है। इसी शक के चलते वह अक्सर घर आकर प्रियांशी के साथ मारपीट करता था और उसके कई फोन तोड़ चुका था।

छोटी बहन महक के बयान

प्रियांशी की छोटी बहन महक ने बताया कि आरोपी आलोक कुमार अक्सर उनके घर आता था और केवल मारपीट ही करने आता था। मारपीट से परेशान होकर दीदी (प्रियांशी) ने माँ को आपबीती सुनाकर शादी से मना कर दिया था। इसी बात से चिढ़े आलोक ने रविवार को घर में आकर मेरी दीदी की गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी आलोक कुमार की गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है।

Also Read: Lucknow News: धूमधाम से मनाया गया गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व

Get real time updates directly on you device, subscribe now.