सीहोर के वीआईटी कॉलेज में छात्रों का बवाल, बसें फूंकी और जमकर की तोड़फोड़

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में स्थित वीआईटी कॉलेज (आष्टा, ग्राम कोठरी) में देर रात उस समय भारी हंगामा और तोड़फोड़ हुई, जब लगभग 4,000 छात्रों ने हॉस्टल में भोजन और पानी की खराब गुणवत्ता सहित अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर ज़बरदस्त विरोध प्रदर्शन किया।

छात्रों का गुस्सा इतना भड़क गया कि उन्होंने कॉलेज परिसर में खड़ी बस और कारों में आग लगा दी और वहाँ खड़ी एम्बुलेंस में भी तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ने पर आष्टा, जावर, पार्वती और कोतवाली सहित 5 थानों से पुलिस बल को मौके पर बुलाना पड़ा।

खराब खाने से पीलिया फैलने का आरोप

छात्रों का मुख्य आरोप है कि कॉलेज हॉस्टल में मिल रहे दूषित पेयजल और भोजन के कारण सैकड़ों छात्र बीमार हो रहे हैं और उन्हें पीलिया हो गया है। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि कॉलेज में दूषित पानी और खाने के कारण कई छात्रों को पीलिया हो गया है, और कुछ छात्रों की तो मौत भी हुई है। हालांकि, कॉलेज प्रबंधन ने मौतों की खबरों को निराधार बताया है।

छात्रों का आरोप है कि 100 से अधिक छात्र आष्टा, सीहोर और भोपाल के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। छात्रों का कहना है कि जब उन्होंने अव्यवस्थाओं के खिलाफ आवाज उठाई, तो हॉस्टल के वार्डन और गार्ड्स ने उनके साथ मारपीट की और चुप रहने का दबाव बनाया, जिससे उनका गुस्सा और भड़क गया।

प्रबंधन ने मौतों की खबर को बताया झूठा

घटना की सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, एसडीओपी आष्टा सहित अन्य थानों से पुलिस बल मौके पर पहुँचा। अधिकारियों ने छात्रों से विस्तृत बातचीत की और उनकी समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। इधर, भोपाल वीआईटी यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार केके नायर ने एक वीडियो जारी कर पीलिया से मौतों की अफवाहों को पूरी तरह निराधार और गलत बताया है। उन्होंने पुष्टि की कि किसी भी छात्र की मौत नहीं हुई है, लेकिन हंगामे के चलते कॉलेज प्रबंधन ने 30 नवंबर तक अवकाश घोषित कर दिया है।

Also Read: कर्तव्यों को निभाना ही सामाजिक तरक्की की नींव, संविधान दिवस पर पीएम मोदी ने देशवासियों को लिखा पत्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.