Gorakhpur News: गंभीर बीमारियों का बिना चिंता कराएं इलाज, उपचार का सारा खर्च योगी उठाएगी सरकार

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएँ सुनीं और उन्हें त्वरित समाधान का भरोसा दिया। इस दौरान कई लोग, विशेषकर महिलाएँ, गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुँचे थे।

सीएम योगी ने सभी को आश्वस्त किया कि वे बिना किसी चिंता के उच्चीकृत अस्पतालों में इलाज कराएँ, सरकार उनकी भरपूर आर्थिक मदद करेगी। उपचार में जो भी धनराशि खर्च होगी, उसकी व्यवस्था सरकार करेगी। जिन लोगों को उपचार में आर्थिक सहायता की आवश्यकता है, उनके इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से पूरा कराकर शासन को उपलब्ध कराया जाए। हर जरूरतमंद को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

हर समस्या का होगा प्रभावी समाधान

शुक्रवार देर शाम गोरखपुर पहुँचे सीएम योगी ने शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सभागार में करीब 200 लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कुर्सियों पर बैठे लोगों से एक-एक करके उनकी समस्याएँ सुनीं और निस्तारण के लिए उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपे।

एक बिटिया ने अपनी माँ के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मनुहार की तो सीएम योगी ने कहा, चिंता मत करो, इलाज कराओ, पैसे की व्यवस्था कर दी जाएगी। उन्होंने अन्य जरूरतमंदों को भी इसी आत्मीयता से भरोसा दिया कि सरकार किसी के इलाज में धन की कमी को बाधक नहीं बनने देगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनता की समस्याओं पर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता से ध्यान दें और उनका त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक निस्तारण कराएं।

Also Read: आजीवन कारावास काट रहे आसाराम के बेटे के पास फोन और सिम कार्ड बरामद, नारायण साईं पर नया केस दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.