गाजा के बाद इजरायल ने दक्षिणी सीरिया के गाँव को निशाना बनाया, तलाशी अभियान के दौरान गोलीबारी में 13 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: गाजा में सैन्य कार्रवाई के बाद अब इजरायल ने दक्षिणी सीरिया के एक गाँव में रात के अंधेरे में तलाशी अभियान चलाकर नया तनाव पैदा कर दिया है। इस अभियान के दौरान हुई भीषण गोलीबारी में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है। सीरिया की न्यूज़ एजेंसी SANA ने इसकी पुष्टि की है।

सीरियाई विदेश मंत्रालय ने इजरायल के इस ऑपरेशन की कड़ी निंदा करते हुए इसे ‘युद्ध अपराध’ बताया है। सीरियाई प्रशासन ने आरोप लगाया है कि इजरायल एक बार फिर पूरे क्षेत्र को अशांत करने और हिंसा की आग भड़काने की कोशिश कर रहा है।

गाँव के घायल इयाद ताहिर ने घटना का मंजर बताते हुए कहा, हम रात में सोए और सुबह नींद खुली तो भयंकर गोलीबारी चल रही थी। बाहर निकले तो देखा कि गाँव में इजरायली सेना का अभियान चल रहा है। चारों ओर सैनिक और टैंक तैनात हैं, और इसके बाद हवाई बमबारी शुरू हो गई।

सीरियाई अधिकारियों ने शुक्रवार को बयान में कहा कि यह हमला एक भयानक नरसंहार था और मारे गए लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय अधिकारी वालिद ओकाशा ने भी पुष्टि की कि मारे गए लोग आम नागरिक थे।

इजरायली सेना (IDF) ने दावा किया है कि इस अभियान में जामा इस्लामिया ग्रुप के खतरनाक आतंकियों को पकड़ा गया है। आईडीएफ के मुताबिक, यह इस्लामिक संगठन हमास और हूतियों के साथ मिलकर इजरायल के खिलाफ साजिश रच रहा था। सेना ने दावा किया कि इस अभियान में कई आतंकी मारे गए हैं और उसके भी 6 सैनिक घायल हुए हैं। इजरायल ने सीरिया के गोलन हाइट्स पर कब्जा कर लिया है और बफर जोन में भी अपने सैनिक तैनात कर दिए हैं।

Also Read: दिल्ली ब्लास्ट: NIA ने डॉक्टर मॉड्यूल के 7वें आरोपी को दबोचा, पुलिस ने विदेश से पढ़कर आए डॉक्टरों की मांगी डिटेल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.