Lucknow News: ओवरटेक के विवाद में कार सवार ने महिला टीचर समेत 3 लोगों को रौंदा, कार छोड़कर भागा आरोपी
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा कस्बे से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ओवरटेक करने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक कार सवार युवक ने पहले ऑटो ड्राइवर को पीटा और फिर बीच-बचाव करने आए एक महिला टीचर समेत 3 लोगों को कार से रौंद दिया।
लोगों ने जब ईंट-पत्थर फेंककर उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी कार छोड़कर एक गली में भाग गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और महिला टीचर की शिकायत पर कार को कब्जे में लेकर ड्राइवर पर केस दर्ज कर लिया है। यह घटना शनिवार शाम 5 बजे बंथरा कस्बे की है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार शाम करीब 5 बजे बंथरा कस्बे में एक ऑटो के सामने आकर एक कार आड़ी-तिरछी खड़ी हो गई। कार से उतरे युवक ने ऑटो ड्राइवर से गलत ओवरटेक करने की बात कहकर गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते-देखते उसकी पिटाई शुरू कर दी। आसपास के लोग जब बीच-बचाव करने पहुँचे, तो वह आरोपी उन पर भी भड़क गया और उनके साथ भी मारपीट करने लगा। ज़्यादा भीड़ जुटती देखकर आरोपी वापस अपनी कार में सवार हो गया।
लखनऊ ऑटो ड्राइवर से झगड़े के बाद कार चालक ने तीन लोगों को रौंदा, बंथरा कस्बा क्षेत्र का मामला !!
बीच बचाव कराने आए लोगों को रौंदा, गुस्साए लोगों ने कार पर बरसाए पत्थर !!
कार चालक लोगों को टक्कर मारकर भागा, तीन लोग कार की टक्कर से हुए घायल !! pic.twitter.com/FnuULAaaJv— MANOJ SHARMA LUCKNOW UP🇮🇳🇮🇳🇮🇳 (@ManojSh28986262) November 29, 2025
लोगों को रौंदकर भागने की कोशिश
लोगों को रौंदना शुरू कर दिया। इससे भगदड़ मच गई। हालाँकि, कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे पकड़ने की कोशिश की और उस पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। हमलावर ने कार बैक की और भागने लगा। लोगों ने पीछा करते हुए उस पर पत्थर फेंके। खुद को घिरता देखकर वह कुछ दूरी पर कार छोड़कर गली में भाग गया।
कार की चपेट में आने से सरोजनीनगर की स्कूटी सवार शिक्षिका दिव्या वर्मा, बंथरा निवासी सुशील गुप्ता (50) और गुड्डू (55) घायल हो गए। सभी को पास के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। बंथरा प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह ने बताया, ओवरटेक को लेकर कार सवार का ऑटो चालक से विवाद हुआ था। बीच-बचाव करने आए लोगों पर कार चालक ने हमला किया और कार चढ़ाने की कोशिश की। महिला टीचर की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपी की तलाश जारी है।

