Lucknow News: कफ सिरप सिंडिकेट मामले में बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह गिरफ्तार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में कफ सिरप की अवैध तस्करी के खिलाफ चल रहे बड़े अभियान में यूपी एसटीएफ (UP STF) को एक और बड़ी सफलता मिली है। इस सिंडिकेट मामले में लंबे समय से फरार चल रहा बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह आखिरकार मंगलवार को एसटीएफ के हत्थे चढ़ गया। उसे राजधानी लखनऊ से गिरफ्तार किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, आलोक सिंह गिरफ्तारी से बचने के लिए सरेंडर की रणनीति बना रहा था और इसी क्रम में उसने लखनऊ की एक अदालत में आत्मसमर्पण के लिए अर्जी भी दाखिल की थी। एसटीएफ को आज ही उसकी सरेंडर अर्जी पर कोर्ट में अपनी रिपोर्ट सौंपनी थी, लेकिन तकनीकी निगरानी और पुख्ता इनपुट के आधार पर एसटीएफ ने उससे पहले ही उसे दबोच लिया।
लुकआउट सर्कुलर के बाद गिरफ्तारी
कफ सिरप तस्करी से जुड़े इस मामले में आलोक सिंह की गिरफ्तारी को लेकर एसटीएफ पिछले एक सप्ताह से लगातार सक्रिय थी। उसके खिलाफ सोमवार को ही लुकआउट सर्कुलर जारी किया जा चुका था और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। जाँच में सामने आया था कि यह बर्खास्त सिपाही कफ सिरप सिंडिकेट को संचालन और संरक्षण देने में संदिग्ध भूमिका निभा रहा था। एसटीएफ का दावा है कि जाँच के दौरान आलोक सिंह के खिलाफ कई ठोस सबूत मिले हैं।
आलोक सिंह गाजियाबाद में दर्ज एफआईआर में पहले से नामजद था, और लखनऊ में दर्ज कफ सिरप तस्करी के मामले की विवेचना में भी उसका नाम शामिल किया गया था। एसटीएफ अब उससे पूरे सिंडिकेट के नेटवर्क और कनेक्शन के बारे में पूछताछ करेगी।
Also Read: संसद में दूसरे दिन भी SIR पर घमासान, खड़गे बोले- लोकतंत्र बचाने के लिए विरोध जरूरी

