Syed Mushtaq Ali Trophy: शमी की आग उगलती गेंदों के आगे पस्त हुए बल्लेबाज, सेलेक्टर्स को दिया मुंहतोड़ जवाब

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी ने एक बार फिर साबित किया है कि वह फॉर्म में लौट चुके हैं.

भले ही उन्हें दक्षिण अफ्रीका टी20 सीरीज के लिए भारतीय स्क्वाड में जगह नहीं मिली हो, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनका जलवा लगातार जारी है.

शमी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एक और मुकाबले में अपनी आग उगलती गेंदों से बल्लेबाज़ों को घुटनों पर ला दिया.

गुरुवार को खेले गए मैच में बंगाल ने सर्विसेज को 7 विकेट से हराया, जिसमें जीत के मुख्य नायक रहे मोहम्मद शमी. उन्होंने अपने स्पेल में सिर्फ 13 रन देकर 4 विकेट चटकाए. शमी ने मैच की पहली ही गेंद पर गौरव खोचर को आउट कर सर्विसेज की पारी की कमर तोड़ दी.

Syed Mushtaq Ali Trophy

पहले बल्लेबाज़ी करते हुए सर्विसेज की टीम 165 रनों पर ऑलआउट हो गई. शमी का घातक स्पेल इतना असरदार रहा कि सर्विसेज कभी भी बड़ी साझेदारी नहीं बना सकी.

यह जीत बंगाल की 5 मैचों में चौथी जीत रही है और टीम अब अपने ग्रुप की पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है. टीम की कप्तानी अभिमन्यू ईश्वरन कर रहे हैं.

शमी का यह शानदार प्रदर्शन ऐसे समय में सामने आया है जब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही ODI सीरीज में भारतीय पेस अटैक की कमजोरियां उजागर हो रही हैं.

दूसरे वनडे में प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट लिए लेकिन 85 रन खर्च कर दिए, जिसके चलते टीम इंडिया 358 रन बनाकर भी मैच हार गई.

पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह भी सवाल उठा चुके हैं कि दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टीम में कोई अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ क्यों शामिल नहीं किया गया.

मोहम्मद शमी का हालिया फॉर्म चयनकर्ताओं के लिए बड़ा संदेश माना जा रहा है कि वह अब भी भारत के सबसे भरोसेमंद पेसरों में शामिल हैं.

Also Read: IND vs SA: अनस्टॉपेबल कोहली… इंटरनेशनल क्रिकेट में जड़ा 84वां शतक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.