Lucknow News: अखिलेश यादव ने SIR पर उठाए सवाल, पूछा- यूपी में कितना हुआ सर्वे
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए सरकार से एसआईआर प्रक्रिया की प्रगति का स्पष्ट ब्यौरा आज ही सार्वजनिक करने की मांग की।
अखिलेश यादव ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) पर बढ़ते काम के बोझ को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने जानलेवा दबाव को तुरंत हटाने की मांग करते हुए कहा कि समय के अनुसार अतिरिक्त और अधिकृत कर्मचारियों की तैनाती की जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष और उससे जुड़े लोग पिछले दरवाज़े से इस पूरी प्रक्रिया में दखल दे रहे हैं। यादव ने मांग की कि ऐसी गतिविधियों को तुरंत रोका जाए और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए।
SIR पर सीधी माँग:
– उप्र में कितने प्रतिशत SIR हुआ है, इसका आँकड़ा आज प्रकाशित किया जाए।
– BLO पर जानलेवा दबाव हटाकर अतिरिक्त अधिकृत लोगों को समयावधि के अनुरूप इस काम पर लगाया जाए।
– सुनिश्चित किया जाए कि सत्ताधारियों के दल और उनके संगी-साथी पिछले दरवाज़े से इस काम में अब…— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) December 5, 2025
PDA के नाम हटाने की साज़िश
सपा प्रमुख ने एक और बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि कई विधानसभा क्षेत्रों में जानबूझकर पीडीए (पिछड़े-दलित-अल्पसंख्यक) समाज के लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने की साज़िश की जा रही है। उन्होंने माँग की कि हर विधानसभा में इसकी गहन जांच-पड़ताल होनी चाहिए और किसी भी हालत में ऐसी कोशिशों को रोका जाना चाहिए।
इधर, उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को एसआईआर को गुणवत्तापूर्वक पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। सीईओ ने बताया कि प्रदेश में अब तक 12.69 करोड़ से अधिक (लगभग 82 प्रतिशत) मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है।
Also Read: मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर भीषण हादसा, सवारियों से भरे ऑटो को टक्कर, फल विक्रेता समेत 3 की मौत

