IndiGo उड़ानों पर अभी भी संकट, दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी

Sandesh Wahak Digital Desk: इंडिगो (IndiGo) की उड़ानों में जारी संकट लगातार यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। बीते कई दिनों से उड़ान सेवाओं में आ रहे व्यवधान के कारण हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को एयरलाइन को कारण बताओ नोटिस जारी करना पड़ा। हालांकि इस बीच दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों के लिए अहम एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि एयरपोर्ट पर संचालन सामान्य रूप से चल रहा है और अधिकतर उड़ानें तय समय पर टेकऑफ कर रही हैं। इसके बावजूद सोमवार, 8 दिसंबर को दिल्ली से दो सौ से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं, जिसने यात्रियों की चिंता और बढ़ा दी है।

X पर दी जानकारी

दिल्ली एयरपोर्ट ने एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि एयरपोर्ट का संचालन पूरी तरह सुचारू है, लेकिन कुछ उड़ानें कैंसिल या री-शेड्यूल हो सकती हैं। अथॉरिटी के अनुसार उनकी ग्राउंड टीम लगातार यात्रियों को राहत देने में जुटी है और सभी से आग्रह किया गया है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट से जुड़ी जानकारी सीधे एयरलाइन से हासिल करते रहें। एयरपोर्ट की इस अपील के बावजूद सोमवार को दिल्ली से 234 उड़ानें रद्द हुईं, जबकि मुंबई से भी नौ फ्लाइट्स नहीं उड़ सकीं। दिल्ली से बनारस, इंदौर, हैदराबाद, विजयवाड़ा और जम्मू जैसी प्रमुख रूट्स पर उड़ानें रद्द की गईं, वहीं मुंबई से चंडीगढ़, नागपुर, बैंगलुरु, हैदराबाद, गोवा, दरभंगा, कोलकाता और भुवनेश्वर के लिए उड़ानें कैंसिल कर दी गईं। इससे दोनों ही महानगरों से यात्रा कर रहे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

इंडिगो से जवाब तलब

इंडिगो (IndiGo) की इन लगातार रद्द और बाधित उड़ानों के बीच स्थिति और तनावपूर्ण तब हो गई जब डीजीसीए ने एयरलाइन के सीईओ पीटर एल्बर्स और जवाबदेही प्रबंधक इस्द्रो पोर्क्वेरास से जवाब तलब किया। नियामक ने कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए पूछा था कि उड़ान सेवाओं में इतने बड़े पैमाने पर व्यवधान क्यों आया और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी तय की जाए। रविवार को नोटिस भेजे जाने के बाद दोनों अधिकारियों ने अतिरिक्त समय की मांग की, जिसके बाद सोमवार शाम छह बजे तक 24 घंटे का अतिरिक्त समय मंजूर किया गया। पिछले छह दिनों से लगातार जारी इस अव्यवस्था ने यात्रियों को न केवल असुविधा दी है, बल्कि IndiGo एयरलाइन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Also Read: तेज प्रताप यादव का लाखों का बिजली बिल बकाया, रिकवरी करेगा विभाग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.