नीतीश कैबिनेट के बड़े फैसले, सरकारी कर्मचारियों का DA 5% बढ़ा, राज्य में तीन नए विभाग बनेंगे

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजनीति में बुधवार को एक बड़ी खबर आई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में हुई कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए, जिनका सीधा असर लाखों सरकारी कर्मचारियों और आम जनता पर पड़ेगा।

सबसे बड़ी घोषणा सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए है। राज्य सरकार ने उनका महंगाई भत्ता (DA) 5% बढ़ाने का फैसला किया है। अब छठे वेतन आयोग के तहत आने वाले कर्मचारियों और पेंशनर्स को 252% की जगह 257% DA मिलेगा। वहीं पांचवें वेतन आयोग वालों का DA 466% से बढ़कर 474% हो जाएगा। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2025 से लागू होगी, जिससे कर्मचारियों की जेब पर अच्छा असर पड़ेगा।

सिर्फ डीए ही नहीं, सरकार ने प्रशासनिक ढांचे में भी बड़ा बदलाव किया है। अब बिहार में तीन नए विभाग युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, उच्च शिक्षा विभाग और सिविल विमान विभाग काम करेंगे।

इसके साथ ही कुछ पुराने विभागों के नाम भी बदल दिए गए हैं। जैसे, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग अब डेरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग कहलाएगा। इसी तरह श्रम संसाधन विभाग का नया नाम श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग होगा। कला संस्कृति एवं युवा विभाग को भी सीधा कला एवं संस्कृति विभाग कर दिया गया है।

सरकार ने युवाओं के हुनर को निखारने के लिए भी एक बड़ा कदम उठाया है। कैबिनेट ने मुंबई की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के साथ मिलकर विद्यार्थी कौशल कार्यक्रम चलाने को हरी झंडी दी है। इसका मकसद बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए ज़रूरी कौशल सिखाना है।

अन्य अहम फैसले

वाल्मीकि व्याघ्र आरक्षण फाउंडेशन के लिए 15 करोड़ रुपये के कोर्पस फंड के गठन को मंजूरी।

राज्य के नगर निकायों और बिजली कंपनियों के बकाया भुगतान के लिए 400 करोड़ रुपये की राशि जारी करने का फैसला।

संजय गांधी जैविक उद्यान के बेहतर प्रबंधन के लिए एक समिति के गठन को मंजूरी।

ऑपरेशन सिंदूर में शहीद बीएसएफ जवान के बेटे को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने का फैसला।

रोहतास के राज्य खाद्य निगम के पूर्व जिला प्रबंधक को सेवा से बर्खास्त करने की मंजूरी।

कुल मिलाकर, इस बैठक में 19 मुद्दों पर चर्चा हुई और सरकार ने विकास, प्रशासनिक सुधार और कर्मचारी कल्याण से जुड़े कई बड़े फैसलों पर मुहर लगाई है।

Also Read: बरेली: हाफिजगंज में युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, पत्नी और पति गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.