लखनऊ में यूपी STF का एक्शन, 50,000 की इनामी और ब्राउन शुगर तस्कर गिरोह की सरगना नसरीन बानों गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह की सरगना और जनपद बहराइच से 50,000 की पुरस्कार घोषित अभियुक्ता नसरीन बानों उर्फ बादाम को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है।

एसटीएफ की कार्रवाई और गिरोह का खुलासा

एसटीएफ उत्तर प्रदेश को फरार और पुरस्कार घोषित अपराधियों के बारे में सूचनाएं मिल रही थीं। अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह, एसटीएफ लखनऊ, के पर्यवेक्षण में सूचना संकलन की कार्यवाही की जा रही थी। सूचना मिली कि बहराइच के थाना कोतवाली देहात में NDPS एक्ट के तहत वांछित नसरीन बानों, जिस पर ₹50,000 का पुरस्कार घोषित था, वह ग्राम फरीदीपुर, ठाकुरगंज, लखनऊ में मौजूद है। एसटीएफ टीम ने स्थानीय थाने से महिला पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंचकर नसरीन बानों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि वह अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह की सरगना है। यह गिरोह पिछले 6 वर्षों से लखनऊ और बहराइच के आस-पास के जनपदों में ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहा था। नसरीन बानों मणिपुर राज्य से क्रूड (कच्चा माल) मंगाकर उससे ब्राउन शुगर तैयार करती थी, जिसे गिरोह के सदस्यों के माध्यम से सप्लाई कराया जाता था। नसरीन का नाम तब प्रकाश में आया था, जब एसटीएफ ने इसी गिरोह के एक सदस्य को 17-10-2025 को 3.440 किलोग्राम अवैध ब्राउन शुगर के साथ बहराइच से गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई थाना कोतवाली देहात, बहराइच में मु.अ.सं. 433/2025, धारा 8/20/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत हुई थी। गिरफ्तार अभियुक्ता को आगे की विधिक कार्यवाही के लिए थाना कोतवाली देहात, बहराइच में दाखिल किया गया है।

Also Read: 50,000 का इनामी अफसार अहमद नई दिल्ली से गिरफ्तार, यूपी एसटीएफ ने की कार्रवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.