Ayodhya News: अयोध्या दर्शन को आ रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, भीषण हादसे में 3 की मौत
Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में गुरुवार तड़के करीब 5 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बोलेरो गाड़ी प्रयागराज हाईवे पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से बुरी तरह टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बोलेरो गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
रीवा से रामलला के दर्शन करने आ रहे थे श्रद्धालु
मध्य प्रदेश के रीवा जिले से ये सभी श्रद्धालु बोलेरो गाड़ी में सवार होकर रामलला के दर्शन करने अयोध्या आ रहे थे। गुरुवार सुबह 5 बजे, पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कल्याण भदरसा गांव के पास प्रयागराज हाईवे पर उनकी गाड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है।
अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के साथ यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है। इससे पहले, 6 दिसंबर को सुलतानपुर जिले में भी एक बड़ा हादसा हुआ था। रामलला के दर्शन कर लौट रही महाराष्ट्र के जलगांव जिले के लगभग 40 श्रद्धालुओं से भरी बस को कूरेभार थाना क्षेत्र में एक ट्रक ने टक्कर मार दी थी। उस दुर्घटना में भी एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।
Also Read: हनुमानगढ़ में एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में किसानों का प्रदर्शन उग्र, 14 वाहन फूंके गए, इंटरनेट बंद

