Siddharthnagar News: धार्मिक विवाद से बढ़ा तनाव, छावनी में बदला इलाका, प्रशासन सतर्क
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में भवानीगंज थाना क्षेत्र के हिसामुद्दीनपुर स्थित तकियवा इलाके में धार्मिक स्थल को लेकर अचानक विवाद गहरा गया है। शनिवार की शाम होते-होते हालात इतने संवेदनशील हो गए कि प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया। पुलिस, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारियों की भारी तैनाती के बीच इलाके की लगातार निगरानी की जा रही है।
भंडारे के ऐलान से उपजा तनाव
दरअसल यह मामला तब गरमाया जब यहां हिंदूवादी संगठन के कुछ लोगों ने हनुमान चालीसा पाठ और भंडारे के आयोजन की घोषणा कर दी। इस ऐलान के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और वातावरण पूरी तरह गर्म हो गया। बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न पैदा हो।

अलर्ट मोड में पुलिस
इसी बीच मौके पर समाजवादी पार्टी के नेता जमील सिद्दीकी, फरहान खान, मोनू दुबे और समाजसेवी अरबाब फारूकी पहुंचे। उन्होंने तकिया पर ज़ियारत की और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। नेताओं का आरोप है कि “कुछ तत्व जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन किसी भी कीमत पर शांति भंग नहीं होने दी जाएगी।”

वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में होने का दावा किया है। अधिकारियों का दल लगातार क्षेत्र का दौरा कर रहा है और हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए है। पुलिस बल को अलर्ट मोड में रखा गया है ताकि किसी भी अफवाह या गलत सूचना के चलते तनाव न बढ़ने पाए। फिलहाल तकियवा और आसपास के इलाकों में माहौल तनावपूर्ण जरूर है, लेकिन प्रशासनिक सख्ती और स्थानीय नेताओं की अपील के बाद स्थिति स्थिर होती दिख रही है।
Also Read: दिल्ली दंगे के आरोपी उमर खालिद को बहन की शादी में शामिल होने के लिए मिली अंतरिम जमानत

