केरल के तिरुवनंतपुरम नगर निगम में 40 साल बाद फहराया भगवा, पीएम मोदी ने जताया आभार
Sandesh Wahak Digital Desk: केरल की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर हुआ है। राज्य के स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह निगम पिछले चार दशकों से लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। केरल में आगामी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा के इस शानदार प्रदर्शन ने राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया है।
इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरुवनंतपुरम की जनता का आभार व्यक्त किया। शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट शेयर करते हुए पीएम मोदी ने कहा, तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा-NDA को मिला जनादेश केरल की राजनीति में एक ऐतिहासिक मोड़ है। लोगों को पूरा भरोसा है कि राज्य की विकास की आकांक्षाओं को सिर्फ हमारी पार्टी ही पूरा कर सकती है। हमारी पार्टी इस जीवंत शहर के विकास के लिए पूरा काम करेगी और लोगों के लिए ईज ऑफ लिविंग को बेहतर बनाएगी।
केरल अब UDF और LDF से ऊब चुका है
प्रधानमंत्री ने पूरे राज्य के मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए एक अन्य पोस्ट में केरल के बदलते राजनीतिक मिजाज पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा, केरल में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा और एनडीए उम्मीदवारों को वोट देने वाले मैं राज्य के सभी लोगों का आभार व्यक्त करता हूँ। केरल अब UDF और LDF से ऊब चुका है। राज्य के लोग अब एनडीए को ही एकमात्र ऐसा विकल्प मानते हैं, जो सुशासन दे सकता है और सभी के लिए अवसरों से भरपूर विकसित केरलम का निर्माण कर सकता है।
Thank you Thiruvananthapuram!
The mandate the BJP-NDA got in the Thiruvananthapuram Corporation is a watershed moment in Kerala’s politics.
The people are certain that the development aspirations of the state can only be addressed by our Party.
Our Party will work towards…
— Narendra Modi (@narendramodi) December 13, 2025
कार्यकर्ताओं के संघर्ष को किया याद
पीएम मोदी ने इस जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा, तिरुवनंतपुरम नगर निगम में शानदार चुनावी नतीजा सुनिश्चित करने के लिए जनता के बीच काम करने वाले सभी मेहनती भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति मैं आभार व्यक्त करता हूँ और बधाई देता हूँ। आज का दिन केरल में कई पीढ़ियों से जमीनी स्तर पर काम कर रहे उन कार्यकर्ताओं की मेहनत और संघर्ष को याद करने का है, जिनकी बदौलत आज यह नतीजा संभव हो सका है।
वाम दलों और कांग्रेस को बड़ा झटका
तिरुवनंतपुरम की जीत वाम दलों के लिए एक बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है, क्योंकि यह क्षेत्र लंबे समय से वाम दलों और कांग्रेस (UDF) के प्रभाव वाला रहा है। तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता शशि थरूर लगातार चार बार सांसद निर्वाचित हुए हैं, ऐसे में स्थानीय निकाय में भाजपा की यह जीत केरल में कांग्रेस और वाम दलों के एकाधिकार को चुनौती देती हुई दिखाई देती है।
Also Read: चारा घोटाले के आरोपियों को सम्राट चौधरी का सख्त संदेश, जब्त संपत्ति पर खुलेंगे स्कूल

