चारा घोटाले के आरोपियों को सम्राट चौधरी का सख्त संदेश, जब्त संपत्ति पर खुलेंगे स्कूल
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की सियासत में एक बार फिर चारा घोटाले को लेकर बड़ा बयान सामने आया है। बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) ने चारा घोटाले के आरोपियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि चारा घोटाले के अभियुक्तों की अवैध संपत्ति पर अब स्कूल खोले जाएंगे। सम्राट चौधरी के मुताबिक चारा घोटाले के जरिए जो संपत्ति अवैध रूप से अर्जित की गई है और जिसे जब्त किया गया है, उसका इस्तेमाल शिक्षा के लिए किया जाएगा।
संपत्ति पर स्कूल खोलने की तैयारी
सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया कि कोर्ट ने भी यह तय कर दिया है कि चारा घोटाले के आरोपियों की संपत्ति जब्त की जाएगी और उसी संपत्ति में स्कूल खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी नीतीश कुमार के शासनकाल में आर्थिक अपराध करने वालों की संपत्तियों पर कार्रवाई की गई थी और उन स्थानों पर स्कूल खोले गए हैं। उनके मुताबिक यह कदम भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की नीति और सोच को साफ तौर पर दर्शाता है।

जेडीयू ने फैसले का किया समर्थन
डिप्टी सीएम के इस बयान पर जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि समाज के गरीब व्यक्ति की हकमारी की गई, नौकरी के बदले जमीन ली गई और सगे भाई तक को नहीं बख्शा गया। नीरज कुमार ने कहा कि ऐसी स्थिति में प्रवर्तन निदेशालय को कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है और उन्हें उम्मीद है कि इस पूरे मामले का जल्द से जल्द निष्पादन किया जाएगा।
स्कूल के साथ अन्य संस्थान बनाने की भी मांग
नीरज कुमार ने आगे कहा कि जब्त संपत्तियों पर केवल विद्यालय ही नहीं, बल्कि अनाथालय, पिछड़ा छात्रावास, अल्पसंख्यक कल्याण छात्रावास और दलित छात्रावास भी बनाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियां यह देख सकेंगी कि भ्रष्टाचार से अर्जित अवैध संपत्ति पर कैसे कब्जा किया गया और उसका कानूनी तरीके से समाधान कैसे हुआ।
Also Read: केरल निकाय चुनाव नतीजों पर शशि थरूर का बड़ा बयान, BJP के प्रदर्शन को सराहा

