Meerut News: 4 लाख की रिश्वत लेते हापुड़ क्राइम ब्रांच का इंस्पेक्टर गिरफ्तार, मचा हड़कंप

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने बुधवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हापुड़ क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी इंस्पेक्टर बागपत के एक चर्चित हत्याकांड में दो आरोपियों के नाम निकालने के बदले ₹4 लाख की रिश्वत ले रहा था।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला वर्ष 2021 के रिछपाल हत्याकांड से जुड़ा है, जो बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र के गोटखा गांव में हुआ था। गांव निवासी लोकेश बैसला ने रिछपाल से जमीन खरीदी थी, जिसके कुछ समय बाद रिछपाल का शव पेड़ से लटका मिला था। परिजनों ने धारा सिंह, मनोज और अजय पाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। इस केस की जांच बाद में बागपत से हापुड़ क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दी गई थी, जिसमें इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह विवेचक (जांच अधिकारी) था।

रिश्वत की मांग और ‘ट्रैप’ ऑपरेशन

शिकायतकर्ता लोकेश बैसला के अनुसार, इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह मुकदमे से मनोज और अजय पाल का नाम हटाने के लिए लगातार रुपयों का दबाव बना रहा था। लोकेश ने इसकी जानकारी मेरठ विजिलेंस टीम को दी। योजना के अनुसार, बुधवार को जैसे ही इंस्पेक्टर मेरठ के रोहटा रोड पर (अपने आवास के पास) रिश्वत के ₹4 लाख ले रहा था, विजिलेंस टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया।

मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि विजिलेंस टीम इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है और पुलिस विभाग इस गंभीर मामले की आंतरिक जांच भी सुनिश्चित करेगा।

Also Read: यूपी पंचायत घोटाला: कासगंज और अंबेडकरनगर में करोड़ों की वित्तीय अनियमितता उजागर, दोषियों से होगी वसूली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.