यूपी पुलिस का ‘मिशन 2027’: दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय पुलिस सम्मेलन कल से, सीएम योगी करेंगे समीक्षा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए शनिवार और रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर की ‘डीजीपी कॉन्फ्रेंस’ की तर्ज पर आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय मंथन में प्रदेश की पुलिसिंग का भविष्य का रोडमैप तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे शिरकत
इस महत्वपूर्ण बैठक के दोनों दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। आगामी पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए, मुख्यमंत्री खुद कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। राज्य सरकार का मुख्य फोकस ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को जमीनी स्तर पर और प्रभावी ढंग से लागू करने पर है।
इन प्रमुख मुद्दों पर होगा मंथन
कॉन्फ्रेंस में सभी जोनों के एडीजी, रेंज के आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में निम्नलिखित विषयों पर विस्तृत प्रेजेंटेशन और चर्चा की जाएगी।
महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और नारकोटिक्स (नशीली दवाओं) के खिलाफ सख्त रणनीति।
बीट पुलिसिंग को आधुनिक बनाना, ‘ई-ऑफिस’ प्रणाली और CCTNS के प्रभावी उपयोग पर जोर।
बॉर्डर सिक्योरिटी और आतंकवाद विरोधी (Anti-Terror) अभियानों को मजबूत करना।
चुनावों की तैयारी और सुरक्षा की चुनौती
चूंकि आने वाले समय में पंचायत चुनाव होने हैं, ऐसे में पुलिस की भूमिका बेहद संवेदनशील हो जाती है। यह कॉन्फ्रेंस न केवल अपराध नियंत्रण बल्कि पारदर्शी पुलिसिंग और जनता के बीच पुलिस के भरोसे को बढ़ाने के लिए एक नई दिशा प्रदान करेगी।
Also Read: डॉ. मनमोहन सिंह की पहली पुण्यतिथि, कांग्रेस ने ‘आर्थिक सुधारों के वास्तुकार’ को किया नमन

