जातिगत राजनीति पर भाजपा सख्त: प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बोले- ‘मर्यादित रहें जनप्रतिनिधि’
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पार्टी के उन जनप्रतिनिधियों को कड़ा संदेश दिया है, जिन्होंने हाल ही में एक जाति विशेष की बैठक और भोज का आयोजन किया था। चौधरी ने स्पष्ट किया कि भाजपा सिद्धांतों और आदर्शों पर आधारित दल है, जहाँ ‘जातिवादी राजनीति’ के लिए कोई स्थान नहीं है।
संविधान और अनुशासन का उल्लंघन नहीं होगा बर्दाश्त
विधानसभा सत्र के दौरान कुछ विधायकों और सांसदों द्वारा आयोजित ‘जाति विशेष’ की बैठक की खबरों पर संज्ञान लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ऐसी गतिविधियाँ भाजपा के संविधान और मूल्यों के विपरीत हैं। उन्होंने संबंधित जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर उन्हें भविष्य के लिए सतर्क रहने की हिदायत दी है। चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होती है, तो इसे ‘घोर अनुशासनहीनता’ माना जाएगा और पार्टी कड़ी कार्रवाई करेगी।
विकासवाद बनाम जातिवाद
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने ‘सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी’ विकास की राजनीति स्थापित की है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा सपा, बसपा और कांग्रेस जैसे दल जाति आधारित राजनीति के सहारे अस्तित्व बचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता उन्हें नकार चुकी है। भाजपा के जनप्रतिनिधियों को विपक्ष के नकारात्मक नैरेटिव और जातिवादी एजेंडे का शिकार होने से बचना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ने दोहराया कि भाजपा का लक्ष्य ‘अंत्योदय’ और ‘राष्ट्रवाद’ है, न कि किसी वर्ग या परिवार विशेष की राजनीति करना। जनप्रतिनिधियों को समाज में गलत संदेश देने वाली किसी भी गतिविधि से दूर रहने को कहा गया है।
Also Read: सीएम योगी के आवास पर गूंजा शबद कीर्तन, साहिबजादों के बलिदान को किया नमन

