सीतापुर डबल मर्डर केस: पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या, दो सगे भाई गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: सीतापुर जनपद के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेपुर मातिनपुर गांव में शुक्रवार शाम हुई सनसनीखेज वारदात में पिता-पुत्र की निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद छह आरोपियों में से दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन दो कंपनी पीएसी (PAC) तैनात की गई है।
क्या है पूरा मामला?
मृतक छोटे खां (अख्तर) और उनका पुत्र मैसर खां शुक्रवार शाम करीब 7 बजे सीतापुर एसडीएम कोर्ट से जमानत कराकर ऑटो से घर लौट रहे थे। रास्ते में पंचायत भवन के पास पहले से घात लगाए बैठे दबंगों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
चश्मदीदों के अनुसार, जब पिता-पुत्र जान बचाने के लिए भागे, तो आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियार (बांके) से वार कर उनकी हत्या कर दी। इस पूरी घटना के गवाह मृतक मैसर का पुत्र असहद और उसकी पत्नी हैं, जो पीछे से बाइक पर आ रहे थे।
पुलिस की कार्रवाई
मृतक के दामाद महफूज की तहरीर पर गांव के ही छह लोगों (अजयपाल, नंगा उर्फ नागेश, टामू, विकटू, शिव पूजन और कामता प्रसाद) के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी के निर्देश पर गठित एसओजी (SOG) सहित पांच टीमों ने दबिश देकर दो सगे भाइयों, टामू और झगडू को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात है। शेष फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
Also Read: बरेली में कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर, 30 दिसंबर तक 8वीं तक के स्कूल बंद

