यूपी पुलिस मंथन 2025: CM योगी बोले- अपराधियों में खौफ और आम जनता में बढ़ा विश्वास

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित दो दिवसीय ‘पुलिस मंथन: वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन-2025’ को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश की बदलती कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की बेहतर होती छवि पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 2017 के बाद से प्रदेश में ‘रूल ऑफ लॉ’ (कानून का राज) स्थापित हुआ है, जिसकी सराहना अब वैश्विक स्तर पर हो रही है।

सीएम ने कहा कि आज यूपी पुलिस अपराधियों के लिए काल और आम नागरिकों के लिए विश्वास का प्रतीक बन चुकी है। पहले लोग असुरक्षा के भाव में रहते थे, लेकिन अब अपराधी दहशत में हैं।

आधुनिक पुलिसिंग पर जोर

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए ‘यक्ष’ ऐप का लोकार्पण किया। प्रदेश के हर जिले में अब साइबर थाना और साइबर हेल्प डेस्क मौजूद है। 12 अत्याधुनिक फॉरेंसिक लैब क्रियाशील हैं और 6 नई लैब पर काम चल रहा है। यूपी-112 का रिस्पांस टाइम जो कभी 60 मिनट था, वह अब घटकर मात्र 6 से 7 मिनट रह गया है।

पिछले साढ़े आठ वर्षों में 2.19 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है। वर्तमान में 60,244 पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षण चल रहा है। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 7 जिलों में कमिश्नरेट प्रणाली लागू की गई और SDRF व UPSSF जैसी विशेष इकाइयों का गठन किया गया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नसीहत दी कि प्रशंसा से ज्यादा जरूरी कार्य का असर धरातल पर दिखना है। उन्होंने बीट पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया।

Also Read: लखनऊ जेल में बंद बंदी की मौत, परिजनों ने पुलिस पर लगाया बेरहमी से पिटाई का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.