यूपी में ‘योगी कैबिनेट’ विस्तार की तैयारी: 2027 के लिए नए चेहरों पर दांव, आधा दर्जन नए मंत्री संभव

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट तेज हो गई है। मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास (5 कालिदास मार्ग) पर आयोजित बीजेपी कोर कमेटी की मैराथन बैठक में कैबिनेट विस्तार और संगठन में बड़े बदलावों को लेकर विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार किया गया। नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की दिल्ली वापसी के बाद अब अंतिम निर्णय शीर्ष नेतृत्व के पाले में है।

जनवरी में हो सकता है शपथ ग्रहण

सूत्रों के अनुसार, 14 जनवरी 2026 को खरमास समाप्त होने के बाद जनवरी के तीसरे हफ्ते में नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है। वर्तमान कैबिनेट में 54 मंत्री हैं, जबकि अधिकतम सीमा 60 है। इस प्रकार 6 रिक्त पदों को भरने के लिए आधा दर्जन नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है। चर्चा है कि केवल नए चेहरे शामिल ही नहीं होंगे, बल्कि खराब प्रदर्शन वाले कुछ पुराने चेहरों की छुट्टी भी की जा सकती है।

जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने की चुनौती

बीजेपी 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों से सबक लेते हुए जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को दुरुस्त करने की रणनीति पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी दोनों गोरखपुर (पूर्वांचल) से हैं। ऐसे में क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने के लिए कैबिनेट विस्तार में पश्चिम यूपी, ब्रज और बुंदेलखंड को प्राथमिकता मिल सकती है।

विपक्षी ‘पीडीए’ (PDA) कार्ड की काट के लिए कैबिनेट में विभिन्न जातियों को प्रतिनिधित्व देकर सामाजिक समीकरणों को साधने का प्रयास होगा। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को दोबारा कैबिनेट में शामिल किए जाने की प्रबल संभावना है।

कोर कमेटी की बैठक में कौन रहा मौजूद?

सवा घंटे तक चली इस उच्च स्तरीय बैठक में आगामी रणनीति पर मंथन हुआ। इसमें शामिल प्रमुख नेता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह एवं संघ के पदाधिकारी शामिल हुए।

मिशन 2027: संगठन और सरकार का तालमेल

बीजेपी का लक्ष्य जीत की ‘हैट्रिक’ लगाना है। कैबिनेट विस्तार के तुरंत बाद संगठन में भी बड़े स्तर पर फेरबदल की प्रक्रिया शुरू होगी। दिल्ली से ‘हरी झंडी’ मिलते ही नए मंत्रियों के नामों का औपचारिक ऐलान कर दिया जाएगा।

Also Read: अयोध्या: रामलला का भव्य अभिषेक आज, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और CM योगी करेंगे ध्वजारोहण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.