Lucknow News: मोबाइल गोदाम में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, धुएं के गुबार से सहमे लोग

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का मशहूर व्यावसायिक केंद्र नाका हिंडोला में साल के अंतिम दिन रणक्षेत्र जैसा नजर आने लगा। यहाँ आर्य नगर स्थित बंसल मोबाइल के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते गोदाम की ऊपरी मंजिल से काले धुएं का ऐसा गुबार उठा कि आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बंसल मोबाइल इलाके में मोबाइल फोन के बड़े होलसेल सप्लायर माने जाते हैं, ऐसे में गोदाम के भीतर बड़ी मात्रा में मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा हुआ था। धुआं उठता देख लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया।

मौके पर जुटी दमकल की गाड़ियाँ

घटना की सूचना मिलते ही नाका हिंडोला थाना पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी ताकि कोई अनहोनी न हो। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका और उस पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने या फंसने की खबर नहीं मिली है। हालांकि, इलेक्ट्रॉनिक सामान और मोबाइल का स्टॉक होने की वजह से लाखों के माल के जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है।

Also Read: Lucknow News: नशे में धुत दरोगा ने बैरिकेडिंग तोड़ी, साथी पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश, DCP को धमकाया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.