मुंबई में मकान में लगी भीषण आग, एक ही परिवार के तीन लोगों की झुलसकर मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: आर्थिक राजधानी के गोरेगांव पश्चिम स्थित भगत सिंह नगर में शनिवार सुबह उस वक्त मातम पसर गया, जब एक रिहायशी मकान में भीषण आग लग गई। राजाराम लेन की एक मंजिला इमारत में लगी इस आग ने 48 वर्षीय व्यक्ति और उनके दो बच्चों को संभलने तक का मौका नहीं दिया।

अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की यह घटना शनिवार सुबह करीब 3 बजे की है। मुंबई फायर ब्रिगेड को 3 बजकर 6 मिनट पर सूचना मिली। आग इमारत के ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर फैली थी, जहां बिजली के तारों और घरेलू सामान ने तेजी से आग पकड़ ली। दमकल की गाड़ियां जब तक मौके पर पहुंचतीं, स्थानीय लोग बाल्टियों से पानी डाल-डालकर आग बुझाने की कोशिशों में जुट गए थे और उन्होंने आग पर काबू पा भी लिया था।

हादसे के वक्त घर के अंदर मौजूद तीन लोग बुरी तरह झुलस गए थे। दमकल कर्मियों ने बिजली की सप्लाई काटी और तीनों को फौरन मलबे से बाहर निकालकर ट्रॉमा केयर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, किस्मत को कुछ और ही मंजूर था; अस्पताल के डॉक्टरों ने तीनों को देखते ही मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान संजोग पावस्कर (48 वर्ष), परिवार के मुखिया, हर्षदा पावस्कर (19 वर्ष) संजोग की बेटी और कुशल पावस्कर (12 वर्ष), संजोग के बेटे के रूप में हुई है। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक तौर पर आग बिजली की वायरिंग और घरेलू सामान तक सीमित थी, लेकिन बंद कमरे में धुआं और गर्मी बढ़ने की वजह से यह जानलेवा साबित हुई। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के असली कारणों (शॉर्ट सर्किट या कुछ और) की जांच कर रहे हैं। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में गहरा दुख और दहशत का माहौल है।

Also Read: शराब के खिलाफ ‘नारी शक्ति’ का तांडव: आगरा में महिलाओं ने ठेके पर बोला धावा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.