सर्दियों में जरूरी हैं कौन से Blood Test?

Sandesh Wahak Digital Desk: सर्दियों का मौसम शरीर पर कई तरह से असर डालता है। ठंड के कारण मेटाबॉलिज़्म धीमा हो सकता है, इम्यूनिटी कमजोर पड़ने लगती है और हॉर्मोनल असंतुलन की संभावना भी बढ़ जाती है। इस मौसम में धूप कम मिलने की वजह से विटामिन डी की कमी आम हो जाती है, वहीं शुगर, थाइरॉइड और कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं। कई बार इन बीमारियों के लक्षण साफ दिखाई नहीं देते, जिससे बीमारी समय पर पकड़ में नहीं आती। ऐसे में ब्लड टेस्ट (Blood Test) शरीर की अंदरूनी स्थिति को समझने में मदद करते हैं और समय रहते सही कदम उठाने का मौका देते हैं। यही कारण है कि सर्दियों में सेहत की जांच को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

किन Blood Test की होती है जरूरत

सर्दियों में सबसे पहले विटामिन डी टेस्ट कराना जरूरी माना जाता है। लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल में डॉ. एल.एच. घोटेकर के अनुसार धूप कम मिलने के कारण इस मौसम में विटामिन डी की कमी आम हो जाती है। इस कमी से हड्डियां कमजोर हो सकती हैं, थकान बनी रहती है और इम्यूनिटी भी प्रभावित होती है, इसलिए समय पर इस टेस्ट से स्थिति का पता लगाना जरूरी होता है।

ब्लड शुगर टेस्ट भी सर्दियों में बेहद अहम होता है क्योंकि ठंड के मौसम में शारीरिक गतिविधि कम हो जाती है और खानपान बिगड़ने लगता है, जिससे ब्लड शुगर लेवल के बढ़ने या घटने का खतरा रहता है। डायबिटीज से बचाव और कंट्रोल के लिए इस जांच को नियमित रूप से कराना जरूरी माना जाता है।

इसी तरह थाइरॉइड टेस्ट भी सर्दियों में जरूरी हो जाता है क्योंकि इस मौसम में हॉर्मोनल बदलाव ज्यादा देखने को मिलते हैं, जिससे थाइरॉइड की समस्या बढ़ सकती है। वजन बढ़ना, थकान रहना और ठंड ज्यादा लगना इसके संकेत हो सकते हैं। समय पर जांच से इस समस्या को कंट्रोल करना आसान हो जाता है।

कोलेस्ट्रॉल प्रोफाइल टेस्ट भी सर्दियों में जरूरी माना जाता है क्योंकि इस मौसम में तला-भुना और ज्यादा फैट वाला भोजन खाने की आदत बढ़ जाती है। इससे कोलेस्ट्रॉल बढ़ सकता है और हार्ट से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है, इसलिए हार्ट हेल्थ की जांच के लिए यह ब्लड टेस्ट महत्वपूर्ण होता है।

सीबीसी यानी कंप्लीट ब्लड काउंट टेस्ट खून की पूरी स्थिति बताता है, जिसमें हीमोग्लोबिन, इंफेक्शन और इम्यूनिटी लेवल की जानकारी मिलती है। सर्दियों में बार-बार बीमार पड़ने या कमजोरी की वजह जानने के लिए यह टेस्ट काफी मददगार माना जाता है।

Blood Test कराते समय किन बातों का रखें ध्यान

ब्लड टेस्ट (Blood Test) कराते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। कई टेस्ट के लिए खाली पेट रहना होता है, इसलिए डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए। टेस्ट (Blood Test) से एक दिन पहले बहुत तला-भुना या भारी भोजन नहीं करना चाहिए। शराब और धूम्रपान से बचना जरूरी है क्योंकि इससे रिपोर्ट प्रभावित हो सकती है। अगर कोई दवा या सप्लीमेंट लिया जा रहा हो तो उसकी जानकारी डॉक्टर को जरूर देनी चाहिए। टेस्ट के दिन पर्याप्त पानी पीना चाहिए ताकि खून निकालने में किसी तरह की दिक्कत न हो। रिपोर्ट आने के बाद खुद से कोई फैसला लेने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेकर ही आगे का इलाज या कदम तय करना चाहिए।

सर्दियों में अच्छी सेहत बनाए रखने के उपाय

सर्दियों में अच्छी सेहत के लिए अपनी दिनचर्या में कुछ जरूरी आदतें शामिल करनी चाहिए। गुनगुना पानी पीना, संतुलित और पौष्टिक डाइट लेना, रोज थोड़ी धूप लेना, हल्की एक्सरसाइज या योग करना, पर्याप्त नींद लेना और तनाव से बचने की कोशिश करना शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करता है। सही समय पर जांच और सही आदतों के साथ सर्दियों में भी सेहत को बेहतर बनाए रखा जा सकता है।

 

Also Read: वाराणसी कोर्ट से अमिताभ ठाकुर को मिली जमानत, लेकिन अभी देवरिया जेल में ही रहना होगा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.